- भारत बंद का समर्थन करते हुए किसानों ने सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक रखा चक्का जाम
- दिल्ली-पौड़ी हाईवे पर गंगा बैराज पर करीब 200 किसानों के साथ डटे रहे भाकियू जिलाध्यक्ष
जनवाणी टीम |
बिजनौर: तीनों कृषि कानून वापसी सहित किसानों की अनेक समस्याओं को लेकर भाकियू के बैनर तले किसानों ने सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक चक्का जाम रखा। भाकियू जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह करीब 200 किसानों के साथ दिल्ली-पौड़ी हाईवे पर गंगा बैराज के पुल पर डटे रहे। मौके पर पहुंचे एडीएम एफआर व एसपी सिटी को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए किसानों ने जाम खोल दिया।
तीनों कृषि कानूनों की वापसी सहित किसानों की अनेक समस्याओं को लेकर शुक्रवार को किसानों ने भारत बंद के साथ-साथ जनपद में भी चक्का जाम रखा। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने ब्लाक स्तर पर चक्का जाम किया। भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी कुलदीप सिंह करीब 200 किसानों के साथ गंगा बैराज पर डटे रहे। सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक किसानों ने हाईवे सहित जनपद के अन्य मार्ग बंद रखे।

गंगा बैराज पर चल रहे किसानों के धरना प्रदर्शन पर एडीएम एफआर व एसपी डा. धर्मवीर सिंह किसानों से वार्ता करने पहुंचे। किसानों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन दोनों अधिकारियों को सौंपते हुए तथा छात्रों की परीक्षा को देखते हुए निर्धारत समय दो बजे से आधा घंटा पहले 1.30 बजे चक्का जाम खोल दिया।
चक्का जाम में भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी कुलदीप सिंह के साथ जिला महासचिव सुनील प्रधान, प्रमोद सिंह, निपेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, अंकित कुमार, मनोज कुमार, विकार अहमद, विकास कुमार सहित करीब 200 किसान मौजूद रहे।

