- रानी लक्ष्मीबाई अवार्डी का शहर में हुआ स्वागत
जनवाणी संवाददाता
मेरठ: रानी लक्ष्मीबाई अवार्ड पाकर लौटी वुशू खिलाड़ी साक्षी जौहरी का शहर में सोमवार को स्वागत किया गया। बुढ़ाना गेट स्थित निवास पर साक्षी को पुष्पवर्षा और माला पहनाकर रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने जोरदार स्वागत किया। साक्षी के घर पर खुशी का माहौल देखने को मिला और साथ मिठाइयां भी बांटी गई।
इस मौके पर साक्षी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों से यह सम्मान पाकर काफी खुशी हुई है। किसी भी खिलाड़ी के लिए प्रदेश का सर्वोच्च सम्मान पाना बेहद ही खुशी की बात है। इससे बाकी खिलाड़ियों का भी उत्साहवर्धन होगा। वहीं, उन्होंने कहा कि अब एशियन चैंपियनशिप के लिए गॉडविन पब्लिक स्कूल में तैयारियां शुरू कर दी हैं और अगला लक्ष्य अर्जुन अवार्ड को पाना होगा। जिसके लिए वह कड़ी मेहनत करेंगी। वहीं, उनके पिता नरेश जौहरी और मां गीता जौहरी ने भी बेटी की इस उपलब्धि पर खुशी जताई।

कैलाश प्रकाश स्टेडियम में खिलाड़ियों को किया सम्मानित
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में वुशू खिलाड़ी साक्षी जौहरी और पैरा पावरलिफ्टर सचिन चौधारी का अवार्ड जीतकर लौटने पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य व भाजपा प्रदेश महामंत्री अश्विनी त्यागी ने दोनों खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर और बुके प्रदान कर सम्मानित किया। बता दें कि सचिन चौधरी को दिव्यांग वर्ग में लक्ष्मण अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया है। इस मौके पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर, पूर्व खेल अधिकारी सतीश शर्मा आदि मौजूद रहे।

