जनवाणी ब्यूरो |
मेरठ: दिगंबर जैन पंचायती मंदिर आनंदपुरी में दशलक्षण पर्व के छठे दिन संयम धर्म की पूजा इंद्रो द्वारा की गई। शांति धारा करने का सौभाग्य अभिषेक जैन एवं गौरव जैन को प्राप्त हुआ।
आज का दिन सुगंध दशमी के रूप में मनाया जाता है। इस पर भक्तों ने चंदन चूरा अग्नि में अर्पण किया जिससे समस्त वातावरण की शुद्धि हो जाती है।
संयम धर्म से तात्पर्य है कि व्यक्ति को अपने जीवन में अनुशासन पूर्वक अपनी पांचों इंद्रियों रसना, घ्राण,चक्षु, कर्ण, स्पर्श को अपने वश में रखना चाहिए। व्यक्ति का खाने का उठने का बैठने का सोने का खेलने का धन कमाने हर कार्य का एक समय और तरीका निश्चित होना चाहिए।
आजकल की चकाचौंध और मौज मस्ती में व्यक्ति यह भी नहीं देखता कि वह बाजार में ताजी चीज खा रहा है या बासी खा रहा है, इन सब का व्यक्ति को ध्यान रखना चाहिए। एक बार शुरू में अनुशासन बनाना पड़ता है उसके बाद सारा जीवन बहुत सुख में बन जाता है।
इस अवसर पर सुनील जैन प्रवक्ता, प्रदीप जैन, अचल जैन, राजीव जैन आदि अन्य श्रावकों ने भी पूजा में भाग लिया।

