जनवाणी संवाददाता |
बागपत: अग्रवाल मंडी टटीरी के सर्वोदय पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपना जलवा बिखेरा। शुक्रवार को विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
अग्रवाल मंडी टटीरी के सर्वोदय पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय स्तर के 35वें नेत्रदान पखवाड़े के अंतर्गत आठ सितम्बर को आयोजित प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पोस्टर पेंटिंग एवं स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया था। स्कूल प्रधानाचार्य अमित तेवतिया ने बताया कि आयोजित प्रतियोगिता में बच्चो द्वारा बनाए गए पोस्टर एवं स्लोगन से नेत्रदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
स्कूल स्तर की पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में हिमांशी गर्ग ने प्रथम स्थान एवं वंशिका गोयल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में स्नेहा ने प्रथम स्थान एवं शिवानी शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। स्कूल निर्देशक एमएस हुडडा ने जानकारी दी के जिला स्तर की पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भी हिमांशी गर्ग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी से इसी तरह से आगे भी शानदार प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

