जनवाणी ब्यूरो ।
नई दिल्ली: सैफई में कई साल बाद शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव एक साथ दिखाई दिए हैं। दोनों ने एक साथ बूथ का मुआयना किया है। शिवपाल सिंह यादव कल रात से तीसरे चरण की कमान संभाल लिए है। मुलायम सिंह ने रात में शिवपाल से बात की थी।
इसके बाद शिवपाल ने फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरैया आदि ज़िलों में पार्टी से नाराज चल रहे वरिष्ठ नेताओं से बात की और सभी से एकजुट होकर मतदान कराने की अपील की। सूत्रों का यह भी कहना है कि आज अपने क्षेत्र में चुनाव कराने के बाद वह पूर्वांचल की ज़िम्मेदारी संभालेंगे।
सैफई के अभिनव विद्यालय में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के परिवार के सदस्यों ने वोट डाला। उनके परिवार से सबसे पहले उनके भाई अभयराम यादव ने वोट डाला। उन्होंने मतदान के बाद कहा कि वे किसानों के मुद्दे पर वोट डालकर आये हैं और प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार आ रही है।
अभयराम यादव के बाद राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने मतदान किया। उनके बाद शिवपाल सिंह यादव और उनके बेटे आदित्य यादव ने मतदान किया। उससे पहले सैफई के प्रधान रामफल बाल्मीकि और उनकी पत्नी शांति देवी ने वोट डाला। इसी बूथ पर प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बड़े भाई चेतराम यादव और छोटे भाई ने वोट डाला।

