- फॉरेंसिक टीम के साथ सीओ पहुंचे मौके पर
- परिजनों ने नहीं कराया शव का पोस्टमार्टम
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: थाना क्षेत्र के नैडू गांव में अपने घर सो रहा युवक सवेरे लहूलुहान हालत में मृत पाया गया। संदिग्ध मौत की सूचना पर सीओ फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस बल लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने स्वभाविक मौत बताकर पोस्टमार्टम से इनकार करते हुए शव का दाह संस्कार कर दिया। यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक नैडू गांव में रहने वाला विनय कुमार माता पिता के देहांत के बाद अकेला ही रहता था। उसकी इकलौती बहन की दौराला क्षेत्र के गांव शाहपुर में शादी हो गई थी। बताया गया है कि विनय बुधवार की रात को रोज की तरह अपने कमरे में सोया था। जब सवेरे उसका दोस्त प्रदीप जब कमरे में पहुंचा तो विनय को लहूलुहान हालत में देख उसके होश उड़ गए। वह जमीन पर पड़ा था, उसकी नाक से खून बह रहा था।

तत्काल घटना की जानकारी गांव निवासी मृतक के चाचा लल्लू सिंह को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ मवाना उदय प्रताप सिंह भी फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों का कहना था कि मृतक अविवाहित था।

उसको दौरे पड़ते थे। कई वर्ष पूर्व उसके पिता द्वारा संपत्ति की वसीयत बेटी के नाम कर दी थी। फिलहाल उसके पास कई दुकानें तथा खेती की जमीन बताई गई है। विनय कुमार की संदिग्ध अवस्था में मौत होने से गांव में सनसनी फैल गई। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी परिजनों ने घटना को इत्तेफाकिया बताकर पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस विवश होकर बैरंग लौट आई। परिजनों ने शव का बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया।

