जनवाणी संवाददाता |
लावड़: लावड़ क़स्बे के अन्दावली मार्ग पर एक युवक का शव सड़क पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। युवक की पहचान हो गयी है। मामले में परिजनों ने लावड़ चौकी में तहरीर दी है।
क़स्बा लावड़ के अन्दावली मार्ग पर शुक्रवार अलसुबह एक अर्द्धनग्न युवक मृत अवस्था में सड़क पर पड़ा हुआ था। खेत पर जा रहे किसानों ने शव पड़ा देख पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर लावड़ चौकी इंचार्ज बृजमोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए। कुछ ही देर में मृतक की पहचान इंचौली थाना क्षेत्र के ग्राम बीटा निवासी 32 वर्षीय कंवरपाल पुत्र वेदराम के रूप में हुई। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। थानाध्यक्ष इंचौली नरेश कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। मृतक के बड़े भाई महक सिंह ने बताया कि अविवाहित कंवरपाल पांच भाइयों में सबसे छोटा था तथा शराब पीने का आदी था। उन्होंने बताया कि कंवरपाल मेरठ के किसी अस्पताल में काम करता था। गुरुवार दोपहर वह घर से गया था। रात में घर पर नहीं लौटा। सुबह उसका शव पड़ा होने की जानकारी मिली। उन्होंने चौकी पर तहरीर दी है। थानाध्यक्ष इंचौली नरेश कुमार ने बताया कि शव पीएम के लिए भेज दिया गया है। मृत्यु के कारणों की जांच की जा रही है।

