- पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पुलिस ने गांव के तीन लोगों को हिरासत में लिया
जनवाणी संवाददाता |
नहटौर: क्षेत्र के गांव गिलाड़ी में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। सीओ धामपुर व कोतवाल ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नहटौर थाना क्षेत्र के गांव गिलाड़ी निवासी ब्रजपाल सिंह का 18 वर्षीय पुत्र रजनीश रात में अपने पड़ोस में ही स्थित एक बंद मकान की सीढ़ियों पर बैठा हुआ था।
बताया जाता है कि उसी दौरान कोई अज्ञात बदमाश उसके सीने में गोली मारकर फरार हो गया। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया।
गोली आवाज सुनकर परिजन मौके पर पंहुचे और आनन-फानन में नहटौर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे बिजनौर रैफर कर दिया गया। मेरठ ले जाते हुए रास्ते में उसकी मौत हो गई।


हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर सीओ धामपुर अजय अग्रवाल व कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह मौके पर पंहुचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने पूछताछ के लिए गांव के तीन युवकों को हिरासत में लिया है। युवक की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। परिजन शव आने का इंतजार कर रहे है। गांव में उनके अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है।
गांव में शोक व्याप्त है। परिवार में वह चार भाइयों में दूसरे नम्बर का था। कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

