जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आज सोमवार को ट्रेनी महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद की हत्या के विवाद में जहां दिल्ली में एम्स के डॉक्टर हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं, मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर और छात्र सड़क पर उतरकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टर्स, प्रशिक्षु और स्नातकोत्तर प्रशिक्षुओं ने लगातार चौथे दिन भी हड़ताल जारी रखी।
इससे राज्य भर में अस्पताल सेवाएं सोमवार को बाधित रहीं। इसके अलावा जिस आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भयावह घटना घटी थी, वहां के प्रिंसिपल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
वहीं, आरजी कार मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के प्रिंसिपल, प्रोफेसर संदीप घोष ने अपने पद से इस्तीफा देने के बाद पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा, ‘मुझे सोशल मीडिया पर बदनाम किया जा रहा है। मेरे बारे में कुछ भी बोला जा रहा है। मृतक डॉक्टर मेरी बेटी की तरह थी। एक अभिभावक के रूप में मैं इस्तीफा देता हूं। मुझे पसंद नहीं है कि भविष्य में किसी के साथ ऐसा हो।’

