- जिपं सदस्य पद के बिके 82 नामांकन पत्र, ग्राम प्रधान प्रत्याशियों ने भी खरीदे
- नौ अप्रैल से दी जाएगी कर्मचारियों को ट्रेनिंग
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव की तैयारी शुरू हो चुकि है। नामांकन पत्रों की बिक्री सभी ब्लॉक कार्यालयों और जिला मुख्यालय पर शुरू हो चुकि है। चुनावी ड्यूटी में लगाये जाने वाले कर्मचारियों का डाटा भी फीड हो चुका है अब इन कर्मचारियों की ट्रेनिंग की प्रक्रिया भी नौ अप्रैल से शुरू हो जाएगी। इसके लिये दो स्कूलों का चयन भी कर लिया गया है जिनमें कर्मचारियों को चुनावी ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग देने के दौरान कोविड नियमों का भी पालन किया जाएगा। प्रशासन की ओर से तैयारी की जा चुकी है।
बता दें कि शासन की ओर से चुनावी अधिसूचना जारी होने के बाद से चुनावी प्रक्रिया तेजी से चल रही है। जिला प्रशासन की ओर से मतदान केन्द्र पहले से ही बना दिये गये थे। इन केन्द्रों पर ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों का डाटा भी फीड हो चुका था अब इन कर्मचारियों की चुनावी ट्रेनिंग शुरू होनी है जोकि संभावना है कि नौ अप्रैल से शुरू हो जाएगी। इसके लिये जिला प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है।
बता दे कि निर्वाचन कार्यालय की ओर से मेरठ में 12 ब्लॉकों में 2351 बूथ बनाये गये हैं। इन बूथों पर एक बूथ पर चार जमा एक के हिसाब से कर्मचारी चुनावी ड्यूटी देंगे। कुल मिलाकर करीब 12 हजार कर्मचारी इन बूथों पर चुनावी ड्यूटी में शामिल होंगे। चुनावी ड्यूटी को लेकर कर्मचारियों का डाटा फीड होने के बाद अब कर्मचारियों की ट्रेनिंग शुरू की जानी है। सभी 12 हजार कर्मचारी नौ अप्रैल से चुनाव को सही तरीके से संपन्न कराने के लिये ड्यूटी की ट्रेनिंग लेंगे।
दो स्कूलों में होगी ट्रेनिंग
शहर में कर्मचारियों को चुनाव की ट्रेनिंग देने के लिये दो स्कूलों का चयन किया गया है। प्रशासन की ओर से एसडी सदर और दीवान पब्लिक स्कूल को ट्रेनिंग दिये जाने के लिये चुना गया है। यहां स्कूलों में ट्रेनिंग की तैयारी शुरू हो चुकि है। स्कूल प्रशासन की ओर से 60 कमरों की व्यवस्था की गई है।
जिनमें कर्मचारी ट्रेनिंग लेंगे। सभी कमरों को सैनिटाइज कराया जाएगा। इसके अलावा यहां सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन कराते हुए ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके हिसाब से ही सभी कमरों में व्यवस्था की जा रही है। ट्रेनिंग के दौरान सभी कर्मचारियों को सही प्रकार से चुनाव संपन्न कराने के साथ-साथ उन्हें कोविड नियमों को लेकर ऐतियात बरतने की भी जानकारी दी जाएगी।
जिपं सदस्य पद के बिके 82 नामांकन पत्र, ग्राम प्रधान प्रत्याशियों ने भी खरीदे
त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की बिक्री जारी है। सोमवार को जिला पंचायती कार्यालय पर जिला पंचायत सदस्य पद के लिये 82 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा। इसके अलावा ब्लॉक कार्यालयों पर भी सोमवार को काफी संख्या में नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। अब नामांकन पत्रों की बिक्री में 8 दिन शेष हैं।
रविवार को जहां नामांकन पत्रों की बिक्री में कमी रही वहीं सोमवार को नामांकन पत्र काफी संख्या में खरीदे गये। सोमवार को जिला पंचायती कार्यालय पर जिला पंचायत सदस्य पद के लिये 82 नामांक पत्र खरीदे गये। अधिकारियों की मानें तो आने वाले दिनों में यह संख्या काफी हद तक बढ़ सकती है।
मेरठ में जिला पंचायत सदस्य पद के 33 वार्ड हैं, लेकिन अभी तक सैकड़ों की संख्या में नामांकन पत्र खरीदे जा चुके हैं। आने वाले बचे 8 दिनों में यह संख्या काफी बढेगी। उधर ब्लॉक कार्यालय में जहां रविवार को काफी कम संख्या में नामांकन पत्र खरीदे गये वहीं सोमवार को यहां भी काफी संख्या में नामांकन पत्र खरीदे गये।
13 से जमा होंगे नामांकन पत्र
बता दें कि मेरठ में तीसरे चरण में 26 अप्रैल को चुनाव होने हैं। इसे लेकर नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो चुकि है। 13 अप्रैल से 15 अप्रैल तक नामांकन पत्र जमा हो सकेंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और उनकी वापसी होगी। उसके बाद 26 अप्रैल को चुनाव होगा और 2 मई को मतगणना।
एसडीएम ने किया बूथ स्थलों का निरीक्षण
मवाना: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड़ पर नजर आने लगा है। डीएम के. बालाजी के निर्देश पर एसडीएम ने ब्लॉक अंतर्गत आने वाले बूथ स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किये।
इस दौरान संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथ स्थलों की सूची तैयार करने के निर्देश तहसील और ब्लॉक अधिकारियों को दिए हैं। ग्राम प्रधान और जिला पंचायत चुनाव को लेकर एसडीएम कमलेश गोयल ने ब्लॉक अधिकारियों के साथ मवाना, हस्तिनापुर, परीक्षितगढ़ व माछरा ब्लॉक का औचक निरीझण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश अधीनस्थ कर्मचारियों को दिया। एसडीएम ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथ स्थलों का भी निरीक्षण कर सूची तैयार करने के निर्देश अधीनस्थ कर्मचारियों को दिये हैं।
पंचायत चुनाव को सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण
चौधरी चरण सिंह विवि के सुभाष चन्द्र बोस पे्रक्षागृह में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 के लिए बनाये गये सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर मतदान केन्द्र व मतदेय स्थलों में आधारभूत सुविधाएं जैसे रैम्प, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर व विद्युत आदि को कराना सुनिश्चित करें तथा ग्रामवासियों से बेहतर समन्वय स्थापित करते हुये शांतिपूर्ण व निष्पक्ष रूप से चुनाव कराना सुनिश्चित करें।
सीडीओ शशांक चौधरी ने कहा कि सभी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट आयोग द्वारा जारी आदर्श आचार संहिता का अनुपालन कराना सुनिश्चित करें तथा यदि किसी प्रत्याशी या समर्थक द्वारा उसका उल्लंघन किया जाता है तो उस पर नियमानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क मार्ग, मार्ग का निरीक्षण करें तथा यदि कहीं खराबी है तो उसको समय से ठीक करवाया जाये।
अपर जिलाधिकारी वित्त सुभाष चन्द्र प्रजापति ने कहा कि प्रत्येक छोटी से छोटी घटना को गंभीरतापूर्वक लेते हुये उसको तत्काल उच्च प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को सूचित करें ताकि समय रहते हुये उसका निदान कराया जा सके। चुनाव में गड़बड़ी करने वाले बख्शे नहीं जायेंगे तथा फर्जी मतदान कराने वाले जेल जायेंगे। सभी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट मतदान दलों को रवानगी स्थल से मतदान की तिथि से एक दिन पूर्व रवाना करवायेंगे व प्रत्येक मतदान केन्द्र पर जाकर उनकी उपस्थिति जांचेंगे।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत आरएन पाल ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के लिए 148 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 35 जोनल मजिस्ट्रेट बनाये गये हैं। 30 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 10 जोनल मजिस्ट्रेट रिजर्व में बनाये गये हैं। जनपद में 2351 मतदेय स्थल है व 872 मतदान केन्द्र है, 6373 ग्राम पंचायत वार्ड, 824 क्षेत्र पंचायत वार्ड व 33 जिला पंचायत वार्ड है। जनपद में 1335065 मतदाता पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस अवसर पर सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

