जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: इंडोनेशिया में सोमवार आधी रात को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 16 लोगों की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब 34 यात्रियों से भरी एक बस कंक्रीट के बैरियर से टकरा गई। इस दुर्घटना में कम से कम 16 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। सर्च और राहत एजेंसी के प्रमुख बुडियोनो ने बताया कि बस ड्राइवर बस पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वह कंक्रीट के बैरियर से टकराकर पलट गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस जकार्ता से योग्यकार्ता जा रही थी, जो एक प्राचीन शाही शहर है। इस दुर्घटना में कई लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सर्च और राहत एजेंसी के प्रमुख बुडियोनो ने बताया कि तेज टक्कर के कारण कई यात्री बस से बाहर गिर गए, जबकि कुछ बस की बॉडी में फंस गए। पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर लगभग 40 मिनट बाद पहुंचे, जहां छह यात्रियों के शव बरामद किए गए। बुडियोनो के अनुसार, अन्य 10 लोग अस्पताल जाते समय या इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे में 18 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 13 अन्य लोग भी गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीली बस सड़क किनारे पलटी हुई थी और नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के कर्मी, पुलिस, तथा राहगीर घटनास्थल पर मौजूद थे। इस दौरान एम्बुलेंस घायल और मृतकों को अस्पताल ले जाने के लिए जुटी हुई थी।

