- मंगलवार को सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में होगी विधानसभा वार मतगणना
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मंगलवार को सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मोदीपुरम में मेरठ जनपद की सातों विधानसभाओं में डाले गए वोटों की गिनती की जाएगी। इसके लिए मेरठ कैंट में 20 और मेरठ दक्षिण में 18 टेबल लगाई जाएंगी। जबकि बाकी पांचों विधानसभाओं की गणना के लिए 14-14 टेबल की व्यवस्था रहेगी। रविवार को कलक्ट्रेट स्थित निज कार्यालय में जिला निर्वाचन अधिकारी, जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट की चार विधानसभा किठौर, मेरठ कैंट, मेरठ शहर, मेरठ दक्षिण के मतों की गणना की जाएगी।
इनके अलावा बिजनौर लोकसभा अंतर्गत आने वाली मेरठ की विधानसभा हस्तिनापुर, मुजफ्फरनगर लोकसभा अंतर्गत आने वाली सरधना और बागपत लोकसभा अंतर्गत आने वाली सिवाल खास विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती भी सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मोदीपुरम में होगी। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की अधिक संख्या को देखते हुए कैंट में 20 और मेरठ दक्षिण में 18 टेबल लगाई जाएंगी। इसके लिए निर्वाचन आयोग से अनुमति ली गई है। बाकी पांचों विधानसभा क्षेत्र की गिनती के लिए 14-14 टेबल लगाने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि मतगणना के बाद विजय जुलूस निकालने पर रोक रहेगी। विजयी उम्मीदवार अपनी पार्टी के दफ्तर या प्रत्याशी के कार्यालय पर आयोजन कर सकते हैं। लेकिन उन्हें किसी प्रकार का विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना स्थल पर गर्मी से बचाव के लिए पंखे-कूलर और पेयजल आदि की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि सभी उम्मीदवारों और उनके एजेंटों से सुबह छह बजे सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मोदीपुरम में बनाए गए मतगणना स्थल पहुंचने को कहा गया है।
मतगणना के लिए स्ट्रॉग रूम प्रेक्षक, रिटर्निंग आफिसर, सहायक रिटर्निंग आफिसर एवं समस्त उम्मीदवारों, निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में प्रात: 6:30 बजे खोला जाएगा, मतगणना आठ बजे से शुरू कराई जाएगी। डीएम दीपक मीणा ने बताया कि मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट की मतगणना 27-28 राउंड तक चलेगी। उन्होंने बताया कि राउंड वार मतगणना की व्यवस्था कृषि विश्वविद्यालय परिसर में की गई है, जिसके लिए विधानसभा क्षेत्र वार टेबल लगाए गए हैं।
मेरठ लोकसभा क्षेत्र में कैंट में बूथों की संख्या अधिक होने के कारण मतगणना टेबल बढ़ा दिए गए हैं। यहां पर मेरठ लोकसभा की चार विधानसभाओं मेरठ शहर, मेरठ कैंट, मेरठ दक्षिण, किठौर विधानसभा में पडे मतों की गिनती की जानी है। मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट की सरधना विधानसभा, बिजनौर लोकसभा सीट की हस्तिनापुर विधानसभा और बागपत लोकसभा सीट की सिवालखास विधानसभा की भी मतगणना सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मोदीपुरम में होगी।
14.75 लाख वोटों की होगी गणना
मंगलवार को सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मोदीपुरम में करीब 14 लाख 75 हजार वोटों की गणना की जाएगी। ईवीएम मशीनों में कैद वोटों की गणना के लिए प्रशासन के स्तर से सभी तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं। हालांकि निर्वाचन आयोग की ओर से वोटों की संख्या के बजाय वोट प्रतिशत के आंकड़े उपलब्ध कराए गए हैं। जिनको कुल मतों के आधार पर गणना करने के आधार पर अनुमान लगाया गया है कि मेरठ जनपद की सातों विधानसभा क्षेत्र के 26 लाख 72 हजार 68 वोटरों में से 58.94 प्रतिशत यानि करीब 15 लाख 74 हजार 900 वोट डाले गए हैं। इनमें सिवाल खास विधानसभा क्षेत्र में तीन लाख 42 हजार 410 में से 59.65 प्रतिशत (लगभग दो लाख चार हजार 247) मतदाताओं ने अपने अधिकार का प्रयोग किया।
सरधना में तीन लाख 68 हजार 025 में 54.74 प्रतिशत (लगभग दो लाख एक हजार 456), हस्तिनापुर में तीन लाख 49 हजार 897 में 55.57 (लगभग एक लाख 94 हजार 437), किठौर में तीन लाख 67 हजार 369 में 61.88 प्रतिशत (लगभग दो लाख 27 हजार 327), मेरठ कैंट के चार लाख 36 हजार 201 में 55.78 प्रतिशत (लगभग दो लाख 43 हजार 312), मेरठ शहर में तीन लाख 13 हजार 565 में 61.35 प्रतिशत (लगभग एक लाख 92 हजार 372), मेरठ दक्षिण में चार लाख 93 हजार 342 वोटर हैं। जिनमें 57.44 प्रतिशत (करीब दो लाख 83 हजार 375) वोट पडे हैं।
मतगणना स्थल पर तैनात रहेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
चार जून को सरदार वल्लभ भाई कृषि विश्वविद्यालय में लोकसभा चुनाव में पड़े मतों की गणना की जाएगी। भीषण गर्मी से बड़ी संख्या में लोग बीमार हो रहे हैं। अनेक जिलों में स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा व्यवस्था में जुटे कई पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया गया है। मतगणना स्थल पर सुबह आठ बजे से मतगणना समाप्त होने तक स्वास्थ्य विभाग की एक टीम चिकित्सक, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वॉय के साथ तमाम इमरजेंसी दवाइयां और फर्स्ट एड का सामान लेकर तैनात रहेगी। वहां एंबुलेंस की भी तैनाती रहेगी।
यदि किसी की तबीयत बिगड़ती है तो उसे तुरंत मौके पर उपचार दिया जाएगा। हालत नाजुक होने पर एंबुलेंस से उसे तुरंत जिला अस्पताल या मेडिकल कालेज भेजा जाएगा। सीएमओ डा. अखिलेश मोहन ने बताया कि मतगणना स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस के साथ मुस्तैद रहेगी। यदि किसी की तबीयत खराब होती है तो उसे तुरंत उपचार दिया जाएगा। गंभीर बीमार होने वाले व्यक्ति को एंबुलेंस से जिला अस्पताल या मेडिकल कालेज भेजा जाएगा।
वहीं, दूसरी ओर जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे से लेकर जब तक मतगणना खत्म नहीं होगी, तब तक इमरजेंसी वार्ड में दो-दो चिकित्सक, दो-दो फार्मासिस्ट, दो वार्ड ब्वॉय, एक सफाई कर्मी व एक आया की ड्यूटी लगाई गई। जिला अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. सुदेश कुमारी का कहना है कि मतगणना के दौरान जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में अतिरिक्त डाक्टर व अन्य स्टॉफ तैनात रहेगा।

