जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा ने पाकिस्तान और आतंक की साजिश को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एनआईए की कस्टडी में चल रहे राणा ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि वह पाकिस्तान की सेना का सबसे भरोसेमंद एजेंट था और मुंबई हमले की साजिश में पूरी तरह शामिल था।
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा की गई पूछताछ में राणा ने बताया कि 2008 में हुए आतंकी हमले की साजिश पूरी प्लानिंग के तहत रची गई थी। राणा ने दावा किया कि हमला पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की निगरानी में हुआ था और वह हमले से पहले कई बार भारत आया था। उसने हमले से पहले छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस सहित कई अहम स्थानों की रेकी की थी।
राणा ने यह भी बताया कि वह खाड़ी युद्ध के दौरान सऊदी अरब में तैनात था और पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के ट्रेनिंग सेंटर में कई बार जाकर आतंक की ट्रेनिंग ली थी।
9 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में रहेगा तहव्वुर राणा
तहव्वुर राणा फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है और 9 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में रहेगा। पिछली सुनवाई सुरक्षा कारणों से वर्चुअल मोड में हुई थी। राणा के वकील ने कोर्ट में उसके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी, जिस पर कोर्ट ने तिहाड़ प्रशासन से 9 जून तक स्टेटस रिपोर्ट मांगी थी। आगामी सुनवाई भी वर्चुअल हो सकती है। राणा के इन खुलासों ने एक बार फिर पाकिस्तान की भूमिका और उसकी सेना-ISI के आतंकी संगठनों से संबंधों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

