- दो पक्षों में हुए संघर्ष में 8 लोग हुए घायल, लोहे की रॉड बरामद
- बुच्चाखेड़ी में भी कश्यपों ने गुर्जरों पर लगाया मारपीट के आरोप
जनवाणी संवददाता |
कैराना: दुल्हैंडी पर शराब के नशे में कश्यप और गुर्जर समाज के बीच हुए संघर्ष में आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने 26 लोगों को गिरफ्तार करते हुए अन्य 40-50 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मौके से बड़ी मात्रा में लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, ईट पत्थर भी बरामद किए गए।
शुक्रवार को दुल्हैंडी पर कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव सहपत में शाम करीब साढ़े 6 बजे हिंदू गुर्जर व कश्यप समाज के कुछ लोगों के बीच शराब पीने के बाद झगड़ा हो गया। झगड़े की सूचना पर तीतरवाड़ा पुलिस चौकी इंचार्ज राजकुमार चंदेल व डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची।
देखते ही देखते दोनों समाज के लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड व ईट-पत्थर लेकर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के ऊपर पथराव कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
दोनों समाज के लोगों के बीच जातीय संघर्ष हो गया। बाद में कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली से भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। संघर्ष में दोनों पक्षों के 8 लोग सतेंद्र, सुभाष, गुरदास, अभिषेक, विपिन, जयपाल, संदीप व नितिन घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
वहीं दोनों पक्षों के बीच हुए जातीय संघर्ष के बाद पूरे गांव में भय का माहौल व्याप्त हो गया। पुलिस ने मौके से गुलाब, महिपाल, नाथी, विनित, शिवकुमार, जगमोहन, मोनू उर्फ मनीष, सन्नी, सनोज, प्रदीप चौहान, अरविंद चौहान, मोहित, सुमित, पदम, प्रवीण, अंकुश, प्रदीप उर्फ गुरदीप व चयनपाल सहित झगड़े में घायल सभी आठ आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त 24 डंडे, दो लोहे की रोड, भारी मात्रा में चप्पल जूते व ईट पत्थर बरामद किए।
कोतवाली में एसआई राजकुमार चंदेल की ओर से 26 नामजद व 40-50 अज्ञात आरोपियो के खिलाफ दूसरे के ऊपर जान से मारने की नीयत से हमला करने, मारपीट करने, पथराव करने तथा आपराधिक कानून के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान ने बताया कि होली पर शराब पीकर दो पक्षों में हुए झगड़े के मामले में गिरफ्तार 26 आरोपियों का चालान कर दिया गया हैं। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही हैं।

