- नगर पालिका से अध्यक्ष के दो, सभासद के 14,
- नगर पंचायत से अध्यक्ष के 10 और सदस्य के 40 पर्चे हुए वापस
- नाम वापसी के बाद जनपद में 332 पदों के लिए 1704 उम्मीदवार डटे चुनावी मैदान में
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: गुरुवार को नाम वापसी के दिन महापौर पद के किसी भी प्रत्याशी ने अपना पर्चा नहीं उठाया। जिसके चलते नगर निगम में 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहेंगे। इस बीच 90 वार्ड में से तीन वार्ड ऐसे हो गए हैं, जहां एक-एक उम्मीवार होने के कारण यहां चुनाव की जरूरत नहीं होगी, यानि तीन पार्षद निर्विरोध घोषित होंगे। अब शेष 87 वार्ड में 522 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। वहीं जिले की मवाना और सरधना नगर पालिकाओं में दो पर्चे वासप होने के बाद अध्यक्ष पद के लिए 27 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
जबकि सभासद पद के 14 नाम वापस होने के बाद 237 उम्मीदवार 50 वार्ड के लिए मैदान में रहेंगे। इसी प्रकार 13 नगर पंचायत अध्यक्ष के 10 पर्चे वापस हुए, जबकि सदस्य पद के 40 दावेदारों ने अपने कदम पीछे खींच लिए। अब इन पदों पर क्रमश: 141 और 763 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। इस तरह पूरे जनपद के कुल 332 पदों के लिए अब 1704 प्रत्याशी चुनावी समर में उतरने के लिए रह गए हैं।
सदर तहसील में नामांकन पत्रों की जांच के बाद हुई नाम वापस
सदर तहसील में बने निर्वाचन कार्यालय पर बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद गुरुवार को नाम वापसी हुई। जिसके बाद जो शेष प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं, उन्हे शुक्रवार को चुनाव चिंह आवंटित किये जायेंगे। खरखौदा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिये 8 नामांकन पर्चे भरे गये थे जिसमें जांच में सभी सही पाये गये और किसी ने भी अपना नाम वापसी नहीं लिया।
वहीं दूसरी तरफ सिवालखास नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिये 13 नामांकन पर्चे भरे गये जिसमें सविता नाम की महला ने अपने नाम का पर्चा वापस ले लिया जिसके बाद 12 पर्चे शेष बचे। वहीं खरखौदा में सभासद पद के लिये 42 पर्चे भरे गये थे, जिसमें दो पर्चे एक ही नाम से डबल भरे गये थे

व एक राजबाला पत्नी मंजू के नाम का पर्चा वापस किया गया। जिसके बाद 40 सभासद पद के प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गये। वहीं सिवालखास नगर पंचायत में सभासद पद के लिये 63 पर्चे भरे गये और किसी ने भी नाम वापस नहीं लिया। सभी को शुक्रवार को चुनाव आवंटित किये जायेंगे।
आज आवंटित किए जाएंगे चुनाव चिन्ह
नाम वापसी के साथ नगर निगम महापौर पद के लिए 15 और पार्षद पद के लिए 522 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। जबकि मेरठ जनपद के 332 पदों के लिए 1705 उम्मीदवार चुनावी समर में रहेंगे। शुक्रवार को सभी प्रत्याशियों के लिए चुनाव चिन्ह आवंटित करने के लिए निर्धारित है। चुनाव अधिकारी ने बताया कि राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के लिए उनके दल को आवंटित चुनाव चिन्ह के बाद अपंजीकृत दलों के लिए चुनाव चिन्ह दिए जाएंगे। इसके बाद निर्दलीय उम्मीदवारों को सिंबल आवंटित किए जाएंगे।
विधायक अमित अग्रवाल ने अपने वार्ड में बनाया निर्विरोध पार्षद
भारतीय जनता पार्टी ने मेरठ नगर निगम बोर्ड में चुनाव से पहले ही अपने तीन पार्षद निर्विरोध पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त कर लिया है। इनमें मेरठ कैंट से भाजपा विधायक अमित अग्रवाल ने अपने गृह वार्ड-52 से एक पर्चा वापस कराते हुए अजय गुप्ता को निर्विरोध पार्षद बना लिया है। इससे पहले वार्ड-26 से मा. सतपाल और वार्ड-78 से संदीप गोयल रेवड़ी एक-एक पर्चा दाखिल होने के आधार पर निर्विरोध पार्षद बन चुके हैं।
विधायक अमित अग्रवाल का पहले से यही प्रयास रहा कि अपने वार्ड से निर्विरोध पार्षद देकर पार्टी में एक संदेश दिया जाए। इस कड़ी में उन्होंने नामांकन के दौरान भी एक पर्चा दाखिल कराने की रणनीति बनाई, लेकिन भाजपा से ही टिकट मांग रहे संदीप मित्तल ने अपना पर्चा दाखिल कर दिया था। जबकि इस वार्ड से भाजपा ने अजय गुप्ता को प्रत्याशी घोषित किया था। वार्ड-52 से दो पर्चे दाखिल होने के बावजूद विधायक अमित अग्रवाल ने अपने प्रयास जारी रखे और आखिरकार संदीप मित्तल को इस बात के लिए तैयार कर लिया कि वे अपना पर्चा वापस ले लेंगे।
गुरुवार को नाम वापसी के दिन संदीप मित्तल कलक्टेÑट पहुंचे, उन्होंने अजय गुप्ता के सामने दाखिल किए गए अपने पर्चे को वापस ले लिया। इसके साथ अजय मित्तल के निर्विरोध पार्षद बनने का रास्ता भी साफ हो गया। इस बीच वार्ड-78 में नामांकन दाखिल न करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी इशांक गोस्वामी की आपत्ति के संबंध में डीएम दीपक मीणा ने सीडीओ को पूरे प्रकरण के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
गौरतलब है कि कांग्रेस प्रत्याशी नामांकन के अंतिम दिन 2-45 बजे यानि केवल 15 मिनट पहले ही पर्चा दाखिल करने पहुंचे थे। जहां हुए विवाद के बीच समय गुजर जाने के कारण आरओ ने उनका पर्चा लेने से इंकार करते हुए विंडो बंद करा दी थी। तब से इशांक गोस्वामी ने अधिकारियों से नामांकन स्वीकार करने की बाबत प्रार्थना पत्र दिए हुए हैं।
सिंबल के आवंटन को लेकर दिया प्रशिक्षण कार्यक्रम
गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में निर्वाचन प्रतीकों के आवंटन के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने आरओ एवं एआरओ को आॅनलाइन फीडिंग के समय सामान्य रूप से होने वाली त्रुटियों के बारे में अवगत कराते हुए इस कार्य को गंभीरतापूर्वक करने के निर्देश दिये। प्रशिक्षक ने बताया कि निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची तैयार होने के पश्चात उम्मीदवारों को निर्वाचन प्रतीक आयोग द्वारा अधिसूचित प्रतीकों में से आवंटित किये जायेंगे।
निर्वाचन लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार को आवंटित निर्वाचन प्रतीक का नमूना उपलब्ध कराया जायेगा, तथा प्रतीक की प्राप्ति स्वरूप उससे रसीद भी अनिवार्य रूप से ली जायेगी। जिसे अभिलेखों में समुचित रूप से रखा जायेगा, साथ ही प्रारूप-13 में निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची में प्रत्येक उम्मीदवार के नाम के सामने उस आवंटित निर्वाचन प्रतीक का उल्लेख करते हुये उसे तत्काल संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया जायेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर दिवाकर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी भूमि अध्यापति सुल्तान अहमद सिद्दीकी, उप जिलाधिकारी सदर ओजस्वी राज, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जागृति अवस्थी, एसडीएम मवाना अखिलेश यादव, एसडीएम सरधना, एसीएम संगीता सहित आरओ एवं एआरओ उपस्थित रहे।

