- डीएम ने गत वर्ष और वर्तमान पेराई सत्र के भुगतान की समीक्षा की
जनवाणी संवाददाता |
शामली: जिलाधिकारी जसजीत कौर ने सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय पर जनपद की तीनों चीनी मिलों शामली, ऊन व थानाभवन के पेराई सत्र 2021-22 के भुगतान की स्थित को देखकर कड़ा रोष प्रकट किया। उन्होंने शामली चीनी को फरवरी माह के अंत तक तथा थानाभवन चीनी मिल को 20 फरवरी तक पेराई सत्र 2021-22 का सम्पूर्ण भुगतान करने के निर्देश दिए। साथ ही, चालू पेराई सत्र 2022-23 के देय गन्ना मूल्य को नियमानुसार करने निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह को उप जिलाधिकारी, बाट-माप विभाग तथा गन्ना विकास विभाग के अधिकारियों की गठित टीम द्वारा चीनी मिलों के संचालित समस्त क्रय केंद्रों का समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, यदि किसी क्रय केंद्र पर घटतौली का प्रकरण संज्ञान में आया तो संबंधित के विरूद्ध तत्काल नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चीनी मिलों को अपने क्षेत्र में गन्ने की फसल को बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को नई तकनीकों के बारे में अवगत कराने के निर्देश दिए जिससे गन्ने की फसल को होने वाले नुकसान से बचा जा सकें। साथ ही, टाप बोरर एवं अन्य बेधक कीटों के निदान के लिए लाईट ट्रैप खेतों में लगाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह, शामली के असिस्टेंट वाइस प्रेसीडेंट प्र्रदीप कुमार, महा प्रबंधक (गन्ना) सुशील कुमार तथा सहायक एकाउंट हैड विजित जैन, ऊन चीनी के यूनिट हैड अवनीश कुमार, महा प्रबंधक (गन्ना) डा. कुलदीप पिलानिया व एकाउंट हैड विक्रम सिंह थानाभवन चीनी मिल के यूनटि हैड जीवी सिंह एवं एकाउंट हैड सुभास बहुगुणा आदि उपस्थित रहे।

