- नौ अप्रैल को ब्लॉक और नगर निकाय मुख्यालय पर वोटिंग
- मंडल मुख्यालय पर नामांकन जमा करने का आज अंतिम दिन
- चुनाव के मद्देनजर जिला पांच सेक्टर और तीन जोन में बांटा
जनवाणी संवाददाता |
शामली: उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव में मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र के लिए जहां नामांकन पत्र जमा करने की सोमवार को अंतिम दिन है, वहीं जनपद शामली में आगामी नौ अप्रैल को होने वाले मतदान में 891 मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। चुनाव के चलते जनपद को पांच सेक्टर और तीन जोन में बांटा गया है।
Weekly Horoscope: क्या कहते है आपके सितारे साप्ताहिक राशिफल 20 मार्च से 26 मार्च 2022 तक |
मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्थानीय प्राधिकरण से वर्तमान में सहारनपुर के महबूब अली विधान परिषद है। उनका कार्यकाल अगले माह पूरा होने जा रहा है। उप्र में 36 पदों पर आगामी नौ अप्रैल को मतदान होना है। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्थानीय प्राधिकरण से जहां भाजपा ने वंदना मुदित वर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है, वहीं सपा-रालोद गठबंधन से मोहम्मद आरिफ जौला को प्रत्याशी बनाया गया है। नामांकन पत्र जमा करने की सोमवार 21 अप्रैल को अंतिम तारीख है। नामांकन सहारनपुर मुख्यालय पर हो रहे हैं।
इससे पहले 19 अप्रैल अंतिम तिथि थी, लेकिन होली के अवकाश के चलते नामांकन की तिथि आगे बढ़ा दी गई। इसलिए अब नामवापसी भी 24 अप्रैल को हो सकेगा।
मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्थानीय प्राधिकरण से विधान परिषद सदस्य के चुनाव के लिए सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के सांसद, विधायक, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, नगर निकाय के सदस्य (सभासद) तथा चेयरमैन मतदान कर सकेंगे। जनपद शामली में मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्थानीय प्राधिकरण से विधान परिषद सदस्य के चुनाव में मतदान के लिए 891 मतदाता पात्र हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी वेदपाल सिंह ने बताया कि आगामी नौ अप्रैल को मतदान जनपद के समस्त विकास खंड मुख्यालयों के अलावा नगर पंचायत/ नगर पालिका मुख्यालयों पर बनाए गए मतमदान केंद्रों पर होगा। मतदान के लिए जनपद को पांच सेक्टर व 3 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे और वीडियाग्राफी होगी।

