- बिजली का 455 उपभोक्तओं पर ही 18.75 करोड़ बकाया
- एसएसपी आॅफिस और पुलिस लाइन के कनेक्शनों पर दो करोड़ की देनदारी
- 52 लाख रुपये का बकाया जमा नहीं करने पर सम्राट पैलेस की बिजली कटी
- आनंद अस्पताल व शोरूम स्वामी अजय अग्रवाल भी बड़े बकायेदारों में शामिल
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: गर्मी की आमद के साथ ही बिजली महकमे का दोहरा सितम उपभोक्ताओं पर शुरू हो गया। इसकी सबसे अधिक मार छोटे उपभोक्ता पर पड़ रही है, जो आपूर्ति में कटौती के साथ ही कनेक्शन कटने की कार्रवाई भी झेल रहा हैं। जबकि बड़े बकायेदार उपभोक्ताओं पर अफसरों का करम हैं। उनसे वसूली के बजाय विभाग छोटे देनदारों पर खूब हंटर चला रहा है।
जहां एक ओर आम उपभोक्ता के घरेलू संयोजन का एक-एक हजार रुपये के बिल पर विच्छेदन किया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर कई-कई लाख रुपये के देनदार विभाग की इस कार्रवाई में अभी सम्मलित होने से महरूम हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक अर्बन एरिया के सभी पांच अधिशासी अभियंता सर्किल में 455 उपभोक्ताओं पर ही करीब 19 करोड़ रुपये का बकाया है, जिसमें व्यवसायिक प्रतिष्ठान और सरकारी विभाग हैं। ये एक लाख से लेकर एक करोड़ रुपये तक के बकायदार हैं।
इनमें एसएसपी आवास-आफिस, पुलिस लाइन, सम्राट पैलस, पीडब्ल्यूडी, आनंद अस्पताल, शेरुम मालिक अजय अग्रवाल, शिखा टैक्स टाइल्स और डेयरी फार्म्स मवाना रोड प्रमुख रूप ये शामिल हैं। गढ़ रोड स्थित सम्राट पैलेस पर विभाग की ओर से सोमवार को संयोजन विच्छेदन की कार्रवाई की गई है। वहीं, इस संबंध में अधीक्षण अभियंता, अर्बन एरिया मेरठ, विजयपाल सिंह का कहना है कि होली के बाद से वसूली अभियान बड़े बकायदारों से शुरु कर दिया गया है।
इसमें 10 हजार से एक लाख रुपये तक के देनदारी वाले कनेक्शनों को भी शामिल किया गया है। इस वर्ग की संख्या 11 हजार 324 है। टॉपटेन समेत सभी बड़े बकायेदार उपभोक्ताओं से इसी माह में बकाया धनराशि की वसूली कर ली जाएगी। सभी सर्किल में अलग-अलग टीमें अभियान में जुट गई हैं।
एक से 10 लाख तक के 434 देनदार
शहर में एक से 10 लाख रुपये के देनदारों की संख्या 434 है, जिन पर 9.84 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है। इसमें अधिशासी अभियंता प्रथम सर्किल में 49 बकायेदार है, जिनकी 1.09 करोड़ रुपये की देनदारी है। अधिशासी अभियंता द्वितीय में 64 बकायेदारों पर 1.85 करोड़, सर्किल तृतीय में सबसे अधिक 166 उपभोक्ताओं पर 3.82 करोड़, सर्किल चतुर्थ में 25 बकायेदारों पर 46 और अधिशासी अभियंता सर्किल पंचम के 130 कनेक्शन धारकों पर 2.63 करोड़ रुपये के बिल का बकाया है।
16 उपभोक्ताओं पर 2.86 करोड़ का बकाया
अर्बन एरिया के पांच में से तीन सर्किल के 16 ऐसे बिजली उपभोक्ता हैं, जिन पर बिजली बिल का 2.86 करोड़ रुपये का बकाया है। ये सभी बकायेदार विभाग की 10 से 50 लाख रुपये की देनदारी वाले वर्ग में शामिल हैं। इनमें सर्किल द्वितीय के 11 कनेक्शनधारकों पर 2.13 करोड़, सर्किल तृतीय में चार उपभोक्ताओं पर 63 लाख और सर्किल चतुर्थ के एक बकायेदार पर 10 लाख रुपये से अधिक की देनदारी है।
शहर में 50 लाख से अधिक के पांच उपभोक्ता
बिजली के बड़े बकायेदारों में शहर के पांच कनेक्शनधारकों पर 50 लाख से अधिक विभाग की देनदारी है। इनमें सर्किल प्रथम के दो उपभोक्ताओं पर 2.91 करोड़, सर्किल द्वितीय में दो कनेक्शन पर 2.62 करोड़ और सर्किल तृतीय के एक बकायेदार पर करीब 53 लाख की देनदारी है। शहर के इन पांच उपभोक्ताओं पर कुल 6.05 करोड़ की धनराशि बिजली बिल की मद में बकाया है।
सर्किल कुल उपभोक्ता बकाया धनराशि
प्रथम 51 3.99 करोड़
द्वितीय 77 6.59 करोड़
तृतीय 171 4.97 करोड़
चतुर्थ 26 56 लाख
पंचम 130 2.63 करोड़
कुल योग 455 18.75 करोड़ लगभग

