- दूसरे दिन भी जारी अभियान में ध्वस्त हुए अवैध निर्माण
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: शासन के निर्देश पर अतिक्रमण के खिलाफ नगर पंचायत द्वारा शुरू की गई कार्यवाही दूसरे दिन भी जारी रही। कस्बे में कई स्थानों पर अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया गया।इस दौरान राजनीतिक लोग बेबस नजर आए।
स्थानीय नगर पंचायत द्वारा गुरुवार को शुरू किया गया अतिक्रमण के खिलाफ अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा।

शुक्रवार को ईओ सुश्री नीतू सिंह की अगुवाई में पंचायत कर्मियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में सड़कों से अवैध अतिक्रमण हटाया। सड़क पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कराया गया। इसके अलावा अतिक्रमण का सबब बन रहा रास्तों पर रखा गया सामान भी जप्त किया गया। नगर पंचायत के इस अभियान को लेकर सियासी लोग बेबस नजर आए।कई अतिक्रमण कारी अपने राजनीतिक आकाओं से संरक्षण मिलने की आस लगाए हुए थे लेकिन किसी की एक न चल पाई।
अभियान में समान कार्रवाई करते हुए दबंगों के अवैध निर्माण भी जमींदोज कर दिए गए। दूसरी ओर अभियान को लेकर पाशोपोस की स्थिति में चल रहे ठेले वालों के साथ नगर पंचायत कार्यालय में ईओ ने बैठक करके उन्हें भरोसा दिया गया है कि उनके लिए सुरक्षित स्थान चिन्हित किया गया है। किसी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। ईओ नीतू सिंह ने बताया कि ठेले पर फल विक्रय करने वालों को सूचीबद्ध कर लिया गया है।
मंत्री विधायकों को फोन मिलाते रहे अतिक्रमण कारी

अवैध अतिक्रमण के खिलाफ समान रवैया देख कुछ लोग आहत नजर दिखे। उन्होंने मंत्री तथा विधायक को फोन मिलाएं लेकिन किसी ने उनका फोन रिसीव तक नहीं किया।वे फोन न उठने पर मायूस होकर रह गए। गुरुवार को जब नगर पंचायत का महाबली गरजा तो कुछ अतिक्रमणकारी कार्यवाही की जद से बचने के लिए ईओ पर दबाव बनाने हेतु राज्य मंत्री दिनेश खटीक तथा पूर्व विधायक संगीत सोम के फोन मिलाते रहे लेकिन किसी का फोन रिसीव नहीं हुआ।जिसके चलते उनके अरमान अधूरे ही रह गए।

