- जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के शूटर से दोस्ती थी सिपाही दीपक मलिक की
- दिल्ली की स्पेशल सेल ने की पूछताछ
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: पंजाबी सिंगर सिद्धु मूसेवाला की हत्या के आरोप में दिल्ली के मंडोली जेल में बंद बदमाश लारेंस बिश्नोई के शूटर अक्षय अंतिल के पास से कारागार प्रशासन ने मोबाइल और सिम बरामद किया है। जब इसकी गहनता से जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि इस शूटर को मोबाइल और सिम उसके दोस्त सिपाही दीपक मलिक ने उपलब्ध कराए थे।
दीपक इस वक्त कंकरखेड़ा थाने की योगीपुरम चौकी में तैनात है। इस सिपाही से दिल्ली के स्पेशल सेल ने काफी देर तक पूछताछ की और दिल्ली तलब किया है। दिल्ली के कपड़ा व्यापारी हर्ष महाजन से रंगदारी मांगने वाला लारेंस बिश्नोई और काला जठेड़ी का शूटर सोनीपत के अक्षय अंटिल उर्फ अक्षय पलड़ा के पास से एप्पल का मोबाइल और दो सिम कार्ड मंडोली जेल प्रशासन ने बरामद किये थे।
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में साजिश करने में भी अक्षय का नाम सामने आ रहा है। उससे बरामद सिम कार्ड मेरठ के कंकरखेड़ा थाने की योगीपुरम चौकी पर तैनात सिपाही दीपक मलिक ने जारी करवाया था। सिपाही ने सिम एक सीएनजी मैकेनिक के नाम पर लिए थे। इन्हें काला जठेड़ी गैंग के राकेश उर्फ राका को दिया था। राकेश और सिपाही दीपक मलिक सोनीपत निवासी हैं। ये सिम राकेश ने अक्षय अंटिल और नरेश के पास पहुंचाए।
सिम से ही मोबाइल में ऐप डाउनलोड कर इंटरनेशनल काल कर रंगदारी मांगी गई। सिपाही दीपक मलिक से पूछताछ की गई। दिल्ली की स्पेशल सेल ने सिम बेचने वाले दुकानदार और सीएनजी मिस्त्री को भी हिरासत में ले लिया है। एसपी क्राइम अनित कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने भी सिपाही को बुलाने के लिए नोटिस जारी कर दिया है। एक बार सिपाही के बयान दर्ज हो चुके हैं।

