जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: स्विंग मास्टर भुवनेश्वर कुमार चोटिल होने के कारण आईपीएल के इस सत्र से बाहर हो गए हैं। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि भुवनेश्वर चोट के कारण किसी टूर्नामेंट से बाहर हुए हों। सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार मैच के दौरान ही चोटिल हो गए। जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा था।
इस चोट के बाद वह सिर्फ मैच ही नहीं बल्कि आईपीएल के इस सत्र से ही बाहर हो गए हैं। इससे पहले भी कई टूर्नामेंट भुवनेश्वर चोटिल होने के चलते बाहर हुए हैं। मेरठ के तेज गेंदबाज और स्विंग के जादूगर भुवनेश्वर का जलवा अब आईपीएल में और देखने को नहीं मिलेगा।
दो अक्टूबर को चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले में 19वां ओवर डालते हुए भुवनेश्वर कुमार को मांसपेशियों में खिचाव महसूस हुआ। जिसके बाद मात्र एक गेंद फेंकने के बाद ही वह मैदान से बाहर लड़खड़ाते हुए चले गए। भुवनेश्वर का बाकी ओवर खलील अहमद को पूरा करना पड़ा था।

क्रिकेट प्रेमियों को भुवनेश्वर के आईपीएल के इस सत्र से बाहर हो जाने के कारण बेहद निराश लगी है, वहीं हैदराबाद टीम को भी यह बड़ा झटका है। हालांकि टीम ने 22 साल के बाएं हाथ के युवा गेंदबाज पृथ्वी राज को टीम में शामिल कर लिया है। लेकिन स्विंग मास्टर की कमी टीम को जरूर खलेगी।
वहीं, भुवनेश्वर किसी टूर्नामेंट में कोई पहली बार चोटिल नहीं हुए हैं। 30 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार अपने कॅरियर में कई बार इंजरी का सामना कर चुके हैं और इसके चलते कई बड़े टूर्नामेंट्स में बीच से ही बाहर हुए हैं। ऐसे में कहा जा सकता है कि भुवी की फिटनेस कुछ समय से उनके आड़े आ रही है।
कई टूर्नामेंट में इंजरी के कारण बाहर हुए भुवी
वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले साल हुई टी-20 सीरीज से पहले भुवनेश्वर कुमार स्पोर्ट्स हर्निया से ग्रसित हो गए थे। वहीं, वर्ष 2018 में भी आईपीएल के दौरान लगी चोट से उबरने के लिए वह नेशनल क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। इसी साल के अंत में आॅस्ट्रेलिया दौरे पर भी भुवी पूरी तरह से फिट नहीं थे।
इसके अलावा साल 2019 की बात करें तो विश्व कप में भी पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्हें हैमस्ट्रिंग की चोट का सामना करना पड़ा था। विश्व कप के बाद भुवनेश्वर वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं जा सके। पूर्व में विश्व कप 2015 में भी भुवनेश्वर चोटिल हुए थे। इस साल की शुरूआत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के लिए भुवी की टीम में वापसी हुई थी, लेकिन संक्रमण के चलते यह सीरीज नहीं हो पाई थी।
भुवी से अभी बात नहीं हो पाई है। ऐसी चोट आना आम बात है। आशा करते हैं जल्द ही भुवनेश्वर स्वस्थ होकर लौटेंगे और अच्छी वापसी करेंगे। वहीं, यूएई का मौसम भी अलग है, वहां ह्यूमिडिटी भी ज्यादा है। -संजय रस्तोगी, भुवनेश्वर के कोच

