- विभाग ने शुरू की दुर्घटना बीमा की नई योजना
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: महंगे प्रीमियम में दुर्घटना बीमा करवाने से असमर्थ लोग अब डाक विभाग की नई योजना का लाभ आसानी से उठा सकेंगे। डाक विभाग का इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक एक विशेष सामूहिक दुर्घटना सुरक्षा बीमा लेकर आया है। जिसमें वर्ष में केवल 299 और 399 रुपये के प्रीमियम के साथ लाभार्थी का 10 लाख रुपये का बीमा होगा।
एक साल खत्म होने के बाद अगले साल यह बीमा रिन्यू करवाना होगा। जिसके लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में लाभार्थी का खाता होना अनिवार्य है। डाक विभाग के प्रवर अधीक्षक अनुराग निखारे ने बताया कि डाक विभाग का इंडिया पोस्ट पेमेट्स बैंक का और टाटा एआईजी के मध्य एक एग्रीमेंट हुआ हैं, जिसमें 18 से 65 वर्ष आयु के लोगों को यह सामूहिक दुर्घटना बीमा सुरक्षा मिल सकेगी।

इसके अलावा दोनों प्रकार के बीमा कवर में दुर्घटना से मृत्यु, स्थाई या आंशिक पूर्ण अपंगता, अंग विच्छेद या पैरालाइज्ड होने पर दस लाख रुपये का कवर मिलेगा। इसके साथ ही इस बीमा दुघर्टना से हॉस्पिटल में भर्ती रहने पर इलाज के लिए 60,000 रुपये तक का आइपीडी खर्च और ओपीडी में 30,000 हजार रुपये तक का क्लेम मिलेगा।
वहीं 399 रुपये के प्रीमियम बीमा में उपरोक्त सभी लाभों के अलावा दो बच्चों की पढ़ाई के लिए एक लाख रुपये तक का खर्च, 10 दिन अस्पताल में रोजाना एक-एक हजार खर्च, किसी अन्य शहर में रह रहे परिवार के लिए ट्रांसपोर्ट का 25,000 रुपये खर्च और मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए 50 हजार रुपये तक का खर्च मिलेगा।
बीमा सुविधा लेने के लिए किसी भी नजदीकी डाकघर में सपंर्क किया जा सकता है। इसके लिए 15 अगस्त तक मिशन सुरक्षा अभियान भी डाक विभाग की ओर से चलाया जा रहा हैं, ताकि इस योजना का लोग अधिक से अधिक लाभ ले सकें।

