- हरिद्वार से गंगाजल लेकर गंतव्यों की ओर हो रहे रवाना
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: हरिद्वार से गंगाजल लेकर राजस्थान और पंजाब के कांवडियों का कारवां नगर से होकर गुजरना प्रारंभ हो गया है। एक-दो दिन में हरियाणा के कांवडियों की आमद प्रारंभ हो जाएगी। रविवार सुबह से ही कैराना पानीपत खटीमा राजमार्ग पर शिवभक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। शिवभक्त बम-बम, बोल बम के जयकारे लगाते हुए धीरे-धीरे अपने गंतव्यों की ओर बढ़ते रहे। दोपहर में आसमान पर बादल और हल्की बूंदाबांदी ने मौसम सुहाना कर दिया।
इससे कांवडियों ने राहत की सांस ली लेकिन शाम चार बजे फिर से चिलचिलाती धूप निकल गई और आसमान में छाये बादल भी छितर गए। ऐसे में शिवभक्तों का सहारा जगह-जगह लगे शिविर बने हुए हैं। जहां शिवभक्त आराम करने के साथ ही भोजन ग्रहण करते नजर आए। कांवड़ियों के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से संपूर्ण तैयारियां कर ली गई हैं।
कैराना नगर पालिका प्रशासन द्वारा पैदल चलने वाले कांवड़ियों के लिए सड़क की एक साइड में बेरीकेटिंग कर रस्सी बांधी गई है, ताकि शिव भक्तों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा वॉच टावर व सीसीटीवी कैमरे से भी कांवड़ मार्ग पर निगरानी रखी जा रही है। जगह-जगह पुलिस पिकेट बनाई गई हैं। जहां पर पुलिस व पीएसी के जवानों की तैनाती की गई हैं। इसके अलावा जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई हैं, जो लगातार मार्ग पर निगरानी रख रहें हैं।

