- बच्चे के गायब होने पर दम्पति के होश फाख्ता हो गये
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेडिकल में नवजात को चुराने वाला गैंग सक्रिय हो गया है। गैंग के एक शातिर ने नवजात को उसके पिता की गोद से चुरा लिया। बच्चे के गायब होने पर दम्पति के होश फाख्ता हो गये। पिता अपने बच्चे की तलाश में मेडिकल परिसर में इधर-उधर भटका, लेकिन बच्चा नहीं मिल सका। थाना पुलिस को तहरीर दी गई है।
किठौर थाना क्षेत्र गांव महलका निवासी मीनू पुत्र रामकुमार ने अपनी पत्नी को डिलीवरी के लिए सोमवार को मेडिकल के जच्चा बच्चा वार्ड में भर्ती कराया था। मीनू की पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया था। मीनू सोमवार को अपने नवजात को गोद में लेकर वार्ड के कमरे से बाहर आया था।
इस बीच एक अंजान व्यक्ति सोमवार से लगातार मीनू से यह कहकर उसके पास आ जाता रहा कि उसकी पत्नी ने भी एक बच्चे को जन्म दिया है। वह भी आपकी ही तरह अपनी पत्नी की देखभाल के लिए यहां आया हुआ है। अंजान व्यक्ति कई बार मीनू के पास आता और उससे बात करता। मीनू भी उस पर विश्वास करने लगा।

दोनों एक दूसरे से परिचित की तरह मिलने लगे। मंगलवार को मीनू अपने एक दिन के नवजात को गोद में लेकर टीका लगवाने के लिए वार्ड के बाहर आया। इस बीच अंजान व्यक्ति भी वहां आ गया। मीनू ने अपने बच्चे को अंजान व्यक्ति के हाथों में दे दिया और कहा कि इसे पकड़ लो मैं कमरे में देखकर आता हूँ।
मीनू कमरे में चला गया, लेकिन जब वह बाहर आया तो वह अंजान व्यक्ति उसके बच्चे को लेकर गायब हो चुका था। अपने बच्चे को गायब देख मीनू ने उस व्यक्ति को पूरे मेडिकल परिसर में तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिल पाया। नवजात के चोरी हो जाने पर मीनू ने मेडिकल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने भी उक्त व्यक्ति को तलाश किया, लेकिन वह शातिर बच्चे को लेकर गायब हो चुका था। नवजात चोरी होने की सूचना पर मेडिकल में हड़कंप मच गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बच्चे के लापता होने की चर्चा
मेरठ: सदर स्थित एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से एक स्कूली छात्र के लापता होेने और उसके मिलने की बात चर्चा में रही। इस घटना की थाना पुलिस ने पुष्टि नहीं की। पुलिस को सूचना मिली कि सदर स्थित दुबई स्टोर के सामने बाइक सवार युवकों ने एक स्कूली छात्र को लेकर चल दिये। बाद में छात्र को गांधी पार्क के पास छोड़ कर चला गया। बाद में पुलिस ने पेट्रोल पंप पर जाकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। इस मामले को लेकर पुलिस की खामोशी बनी रही।

