जनवाणी संवाददाता |
बिजनौर: डा. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में सोमवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। डा. राजीव कुमार डीन एकेटीयू ने बताया कि विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकों को श्रेष्ठ शिक्षक अवार्ड के लिये आमंत्रित किया गया था जिसके अन्तर्गत विश्वविद्यालय द्वारा संस्था, शोध तथा विश्वविद्यालय में होने वाली गतिविधियों में योगदान को मानक बनाया गया, तत्पश्चात पूरे प्रदेश से स्क्रीनिंग के उपरान्त अलग-अलग तकनीकी विभागों के उत्तर प्रदेश 15 शिक्षकों का चयन, श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान के लिये किया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर डा. आरके खंडाल पूर्व कुलपति, प्रोफेसर डा. एस एन उपाध्याय पूर्व निदेशक, आईआईटी बीएचयू, एकेटीयू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डा. प्रदीप कुमार मिश्रा, कुलसचिव सचिन कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर डा. अनुराग त्रिपाठी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

