जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: परतापुर थाना क्षेत्र के काशी टोल प्लाजा पर सोमवार दोपहर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। आरोप है कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के दौरान हुए विवाद में एक युवक ने दो राउंड फायरिंग की। पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
भावनपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर कदीम निवासी भाजपा कार्यकर्ता मनीष पुत्र सुनील तोमर ने परतापुर थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह अपने मित्र स्वेतांक त्यागी पुत्र संजय त्यागी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए काशी टोल प्लाजा पर खड़े थे। इसी दौरान फ्रोमी गाड़ी UP-13 CP-0987 पर सवार राहुल अधाना निवासी गंगानगर, प्रवीण शर्मा पुत्र नेकराम शर्मा, अवनीश और अक्की गुर्जर भी वहां पहुंच गए।
आरोप है कि इसी बीच दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
पीड़ित पक्ष ने थाने पर दी तहरीर में आरोप लगाया कि कहासुनी इतनी बढ़ी कि राहुल अधाना ने एक राउंड हवाई फायरिंग और एक राउंड जमीन पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद सभी आरोपी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। जिसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

