जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने सुरक्षा के मद्देनज़र राजधानी के 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद करने का निर्णय लिया है। यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं।
DMRC के अनुसार, इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों के लिए प्रवेश और निकास दोनों पूरी तरह बंद रहेंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और बंद स्टेशनों से यात्रा करने से बचें।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस और मेट्रो सुरक्षा बल (CISF) के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
मेट्रो प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ये स्टेशन स्थिति सामान्य होने और अगले आधिकारिक निर्देश जारी होने तक बंद रहेंगे। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और राजधानी में सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखना इस निर्णय का प्रमुख उद्देश्य है।

