01– लखीमपुर खीरी में दुष्कर्म के बाद की गई थी दोनों बहनों की हत्या। तीन डॉक्टर्स के पैनल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा।
लखीमपुर खीरी जिले के निघासन थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को दो नाबालिग बहनों के शव पेड़ से लटके मिले। दोनों बहनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। फिलहाल दोनों बहनों के शवों को परिजनों को सौंप दिया है।

02– लखीमपुर खीरी में हुए दुष्कर्म केस में हुआ बड़ा खुलासा। छह आरोपियों को पुलिस ने दबोचा।
लखीमपुर खीरी में दो बहनों की मौत मामले में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना को कुल छह लोगों ने अंजाम दिया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटू, सुहेल, जुनैद, हफीजुल्लाह, करीमुद्दीन और आरिफ के रूप में हुई है। जिसमें पुलिस ने एक अभियुक्त जुनैद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जुनैद के पैर में गोली लगी है।

03– दुष्कर्म और हत्या की शिकार हुईं दलित बच्चियों के पिता का छलका दर्द। बोले, योगी जी शैतानों को एनकाउंटर से इंसाफ करो।
लखीमपुर खीरी में दो नाबालिग दलित बच्चियों को जबरन घर उठाकर ले गए और दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मां-बाप बदहवास हो उठे। शवों का पोस्टमार्टम हो चुका है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। पिता का दर्द अचानक छलक उठा और बोला कि योगी जी इंसाफ करो, इन शैतानों को एनकाउंटर से न्याय करो।

04– गोवा के पूर्व सीएम ने कांग्रेस पार्टी को दी फिर चेतावनी। बोले, रवैया नहीं सुधरा तो मिलते रहेंगे कई और भी ‘सरप्राइज’।
बुधवार को कांग्रेस को बड़ा झटका देकर भाजपा में शामिल होने वाले गोवा पूर्व सीएम दिगंबर कामत ने आज कांग्रेस पार्टी पर एक बार फिर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस का यह रवैया नहीं सुधरा तो उनको ऐसे और भी कई ‘सरप्राइज’ मिलते रहेंगे। कामत ने आगे कहा कि गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल, कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़ जैसे न जाने कितने कद्दावर नेता पार्टी छोड़ गए।

05– अभिनेता आमिर खान के भाई ने किया सनसनीखेज खुलासा। बोले, मुझे कैद किया-पागल घोषित दवाइयां भी दीं।
बॉलिवुड के अभिनेता आमिर खान के भाई फैसल खान ने एक रिपोर्ट्स में कई चौंका देने वाले खुलासे किए हैं। परिवार से नाराजगी के चलते मैंने दूरी बना ली थी। लेकिन, उन्होंने मुझे पागल घोषित कर दिया। मुझे कैद कर लिया, कुछ दवाईयां देने लगे। फैसल ने बताया कि निगरानी के लिए आमिर साहब ने बॉर्डीगाड्स रखे थे। जब मुझसे सिग्नेटरी राइट्स लेने की बात आई, तब मैंने विरोध किया। मैंने घर छोड़ दिया। कई सालों तक कोर्ट केस भी चला। अंतत: मैं जीत गया। कोर्ट ने मेरे पक्ष में फैसला सुनाते हुए कहा कि मैं पागल नहीं हूं।

06– नामीबिया से खास विमान में भारत आ रहे हैं चीते। एयरलाइन कंपनी ने जारी की फ्लाइट की तस्वीर।
मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क में जल्द ही देशवासियों को अफ्रीकी चीतों का दीदार करने का अवसर मिलेगा। चीतों के भारत आने की तैयारियां नामीबिया में अंतिम दौर में हैं। आठ अफ्रीकी चीतों को एक खास विमान से भारत लाया जाएगा। विमान की तस्वीरें हाल ही में एयरलाइन कंपनी ने ट्वीट कर शेयर की हैं।

07– ‘एक शर्त मान लें नीतीश तो साथ देने को हूं तैयार। मुलाकात पर मुहर लगाते हुए बोले प्रशांत किशोर।
प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार का साथ एक ही शर्त पर दूंगा यदि वे एक साल के भीतर 10 लाख युवाओं को नौकरी दे देते हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है। नीतीश जब तक रोजगार के वादे को पूरा नहीं करते तब तक किसी भी कीमत पर साथ जाने के लिए नहीं सोचूंगा।

08– दिल्ली आबकारी नीति मामले पर भाजपा ने जारी किया एक और स्टिंग ऑपरेशन का वीडियो। सिसौदिया बोले, हिम्मत है तो गिरफ्तार करो।
दिल्ली में आबकारी नीति को लेकर मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा ने एक और स्टिंग ऑपरेशन का वीडियो जारी किया है। भाजापा सांसद मनोज तिवारी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर नया वीडियो साझा किया है। वहीं डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि अगर स्टिंग में सच्चाई है तो मुझे चार दिन के अंदर गिरफ्तार करें।
09– मुख्तार अंसारी की मऊ कोर्ट में आज हुई पेशी। गैंगस्टर एक्ट में आरोप तय, हंसकर कहा- बोलने पर है पाबंदी।
गैंगस्टर एक्ट केस में बांदा जेल में निरुद्ध पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की पेशी आज मऊ कोर्ट में हुई। विशेष न्यायाधीश एमपी/एमएलए कोर्ट ने गैंगस्टर के मामले में मुख्तार अंसारी समेत चार पर आरोप तय कर दिया है। वहीं, इस केस में गवाही के लिए 30 सितंबर की तिथि निर्धारित की है।

10– भारतीय मॉडल के कारण खत्म हुआ था असद रऊफ का करियर। पाकिस्तान में जूते बेचकर करना पड़ा गुजारा।
आईसीसी एलीट पैनल के पूर्व अंपायर पाकिस्तान के असद रऊफ का निधन बुधवार को लाहौर में हो गया। साल 2000 से 2013 के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अंपायरिंग का जलवा दिखाने वाले रऊफ की मौत हृदय गति रुकने से हुई। विवादों के कारण उन्हें क्रिकेट मैदान से दूर होना पड़ा।

11– जम्मू कश्मीर में 24 घंटे में हुआ दूसरा बड़ा हादसा। राजोरी में खाई में गिरी बस, पांच की मौत, 25 लोग हुए घायल।
जम्मू संभाग में चौबीस घंटे में दूसरा बड़ा सड़क हादसा हो गया है। राजोरी में एक बस खाई में जा गिरी है। इसमें पांच के मारे जाने और 25 यात्रियों के घायल होने की खबर है। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राजोरी सड़क हादसे पर दुख जताया है।

12– बड़ौत में आपत्तिजनक हालत में मिले कई जोड़े, मचा हड़कंप। ताला लगाकर फरार हुए कई ओयो होटल संचालक।
बागपत जिले के बड़ौत में जगह-जगह संचालित ओयो होटल में जमकर अनैतिक कार्य हो रहे हैं। इसका खुलासा गुरुवार को एसडीएम व सीओ द्वारा पुलिस टीम के साथ ओयो होटलों में की गई छापेमारी के बाद हुआ है। इस दौरान टीम ने कई जोड़ों को आपत्तिजनक हालत में पकडा। प्रशासन की अनुमति के बगैर होटल संचालित किए जाने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए होटल संचालकों को लताड़ लगाई।

13– शराब घोटाला मामले में स्पेशल सीबीआई कोर्ट ने दिया आदेश। मंत्री सत्येंद्र जैन से जेल में ईडी करे पूछताछ।
दिल्ली शराब घोटाले में विशेष सीबीआई कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय ईडी को निर्देश दिया है कि वह दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन से शुक्रवार को जेल के अंदर ही पूछताछ करे। इस मामले में सुनवाई करते हुए विशेष सीबीआई कोर्ट ने गुरुवार को यह आदेश दिया।

14– यूक्रेन से लौटे मेडिकल स्टूडेंट्स को लेकर केंद्र ने दिया सुप्रीम कोर्ट में जवाब। ‘भारत में एडमिशन दे पाना कानूनन संभव नहीं’।
यूक्रेन से भारत लौटने वाले मेडिकल स्टूडेंट्स को भारत के मेडिकल कॉलेज में एडमिशन देने वाले मामले में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान केंद्र ने अपने जवाब में कहा कि इन छात्रों को भारत में एडमिशन दे पाना कानूनन संभव नहीं है।

15– धमाका करने जा रहे हैं ऋतिक रोशन और सैफ अली खान। 100 देशों में एक साथ रिलीज होगी फिल्म ‘विक्रम वेधा‘।
ऋतिक रोशन और सैफ की फिल्म विक्रम वेधा को रिलायंस एंटरटेनमेंट ओवरसीज और होम स्क्रीन एंटरटेनमेंट ने दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने का फैसला किया है। यह फिल्म 100 देशों में एक साथ रिलीज होगी।

16– पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप के लिए किया टीम का एलान। शाहीन की वापसी, फखर ज़मान हुए बाहर।
16 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले 2022 टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम का एलान कर दिया है। पीसीबी ने क्रिकेट के इस महाकुंभ के लिए 15 सदस्यीय टीम चुनी है।

17– महारानी एलिज़ाबेथ को 19 सितम्बर को दी जाएगी अंतिम विदाई। दुनियाभर के 500 लोगों को भेजा गया न्यौता।
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को आखिरी विदाई 19 सितंबर सोमवार को दी जाएगी, उन्हें इस दिन दफनाया जाएगा। ब्रिटेन की राजशाही में दशकों बाद ये ऐसा मौका है, जब बड़ी तादाद में दुनिया के शाही परिवारों के साथ ही अहम राष्ट्रध्यक्ष इस देश में जुटने वाले हैं।

18– योगी सरकार के मदरसा सर्वे आदेश पर बोले सपा मुखिया अखिलेश यादव। इन्साफ सबसे बड़ा धर्म।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मदरसों के सर्वे का विरोध करते हुए कहा कि किसी भी सम्मानित धार्मिक-मज़हबी स्थान का सर्वे करवाना यदि न्यायपूर्ण नहीं है तो ये आस्थाओं को गहरी चोट पहुंचाता है। इंसाफ़ सबसे बड़ा धर्म होता है।

19– पार्टी में बगावत के बाद अखिलेश यादव पर भड़के ओम प्रकाश राजभर। बोले, अखिलेश यादव बहुत बड़े धोखेबाज़ हैं इनकी पोल खुल गई है।
नेताओं के बागी तेवर पर गुरुवार को ओम प्रकाश राजभर का बयान आया है। राजभर ने अखिलेश यादव को धोखेबाज बताते हुए कहा, “अंगुर जब पेड़ में फरता है और लोमड़ी नहीं पाती है तो कहती है कि अंगुर खट्टे हैं।

20– गाजियाबाद में महंत को मिली ‘सिर तन से जुदा’ की धमकी। कार्रवाई ना होने पर धरने पर बैठे पंकज त्यागी।
गाजियाबाद में एक बार फिर से सिर तन से जुदा करने की धमकी मिली है। एक महंत को उर्दू में पत्र मिला है। जिस में लिखा है कि तुम काफिर हो, नही बचोगे। सिर तन से जुदा होगा। दरअसल, गाजियाबाद के थाना साहिबाबाद क्षेत्र में रहने वाले महंत मार्कण्डे पंकज त्यागी को सिर तन से जुदा की धमकी मिली है। कई बार आए पत्र की वो पुलिस से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की है। जिसके बाद नाराज़ महंत पंकज त्यागी जिला अधिकारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।


