- विक्रम सैनी की सदस्यता रद्द होने के बाद सीट हुई थी रिक्त, अब चुनाव घोषित
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: भाजपा विधायक विक्रम सैनी की सदस्यता रद्द होने के बाद रिक्त घोषित हुई खताौली विधानसभा सीट पर 5 दिसंबर को उपचुनाव होगा। चुनाव के लिए आयोग 10 नवंबर को गजट नोटिफिकेशन जारी करेगा और 17 नवंबर तक चुनाव के लिए नामांकन किया जा सकेगा।
29 अगस्त 2013 के एक मुकदमे के मामले में 11 अक्टूबर को एमपी-एमएलए कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी को संगीन आरोपों में दोषी ठहराया था। कोर्ट ने उन सहित 11 दोषियों को 2 वर्ष की कैद और 5-5 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया था।
खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी को कोर्ट से 2 वर्ष की सजा सुनाए जाने के बाद विधानसभा सचिवालय से जारी अधिसूचना के माध्यम से प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे ने जानकारी दी थी कि नियमानुसार खतौली विधानसभा सीट को रिक्त घोषित कर दिया गया है। तब से ही खतौली विधानसभा सीट पर शीघ्र ही उपचुनाव की अटकले तेज हो गई थी।
जिला निर्वाचन अधिकारी की और से खतौली विधानसभा सीट पर अधिकारिक तौर से उप चुनाव की तिथियों की घोषणा नहीं की गई है। बावजूद आयोग से जारी चुनावी कार्यक्रम के आधार पर खतौली सीट पर 5 दिसंबर को उपचुनाव होंगे।
चुनाव प्रक्रिया के लिए गजट नोटिफिकेशन 10 नवंबर को जारी होगा। जबकि 17 नवंबर तक नामांकन किये जा सकेंगे। नामांक पत्रों की जांच 18 नवंबर को होगी जबकि 21 नवंबर तक नाम वापसी हो सकेगी। 5 दिसंबर को मतदान और 8 दिसंबर को मतगणना की तिथि निर्धारित की गई है।

