जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: देश के बहुचर्चित श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला के पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसकी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए आफताब को मंगलवार को रोहिणी स्थित एफएसएल ले जाया गया। दिल्ली फॉरेंसिक साइंस लैब के अधिकारियों के मुताबिक, टेस्ट के लिए प्री-मेड और साइंटिफिक सेशन शुरू हो गए हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि आरोपी आफताब का पॉलीग्राफ बुधवार को हो सकता है। साकेत कोर्ट से आरोपी के पॉलीग्राफ टेस्ट की अनुमति मिल गई है। उसके परिजनों ने भी टेस्ट की अनुमति दे दी है।
हालांकि कल आफताब को पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए एफएसएल कार्यालय लाया गया था। करीब तीन घंटे तक आफताब को वहां रखा गया। इसके बाद श्रद्धा मर्डर केस के आरोपी आफताब के पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया शुरू हो गई। दिल्ली फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) के मुताबिक पॉलीग्राफ टेस्ट को लेकर प्री-मेड और साइंटिफिक सेशन शुरू हो गए हैं। इसी आधार पर संभवना व्यक्त की जा रही है कि उसका बुधवार को टेस्ट हो सकता है।
पॉलीग्राफ टेस्ट को सामान्य तौर पर लाई डिटेक्टर टेस्ट यानी झूठ पकड़ने की जांच भी कहा जाता है। इसमें आरोपी से कुछ सवाल पूछे जाते हैं और इस पर उसकी मनोवैज्ञानिक स्थिति का आकलन किया जाता है। सवाल पूछने के बाद आरोपी के ब्लड प्रेशर, दिल की धड़कन और नाड़ी की चाल को रिकॉर्ड किया जाता है और इसके आधार पर यह विश्लेषण किया जाता है कि उसने किस सवाल पर गलत और किस पर सही जानकारी दी है।
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई इलाके में एक और व्यक्ति का बयान दर्ज किया है। इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिली है, लेकिन बताया जा रहा है कि इसने आफताब को मुंबई से दिल्ली शिफ्त होने में मदद की थी। इसको मिलाकर दिल्ली पुलिस अब तक इस मामले में 11 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। पुलिस को आफताब के घरवालों की भी तलाश है, लेकिन वे मुंबई के मीरा रोड स्थित अपने घर से भाग गए हैं।

