- मोबाइल और चेन लूटी, पैंठ में पीछा कर भीड़ ने एक हमलावर पकड़ा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लालकुर्ती पैंठ एरिया में स्कूटी सवार पर तीन युवकों ने ब्लेड से हमला कर दिया और मोबाइल, चेन लूटकर भागने लगे। लोगों ने भीड़ में युवकों का पीछा कर एक को दबोच लिया। जबकि दो अन्य युवक मौके से फरार हो गए। हमले में घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
लालकुर्ती थाना क्षेत्र मेदा मोहल्ला निवासी सुनील यादव डेयरी संचालक है। सुनील की भतीजी की दो दिन बाद शादी है। वह स्कूटी से लालकु र्ती पैंठ बाजार में खरीदारी के लिए निकला था। जब वह बाउंड्री रोड पर पहुंचा तो पीछे से स्पलेंडर बाइक सवार तीन युवक आये और उसे धमकाते हुए अंदाज में बोले कि अबे हट चल आगे, कहकर आगे निकलने लगे।
इस पर सुनील ने तीनों युवकों से इस बात का ऐतराज जताया। सुनील के इतना कहते ही बाइक सवार युवकों ने सुनील से मारपीट कर उसके चेहरे पर ब्लेड से हमला कर दिया। युवकों ने सुनील को मारपीट कर मोबाइल और चेन लूट ली और भागने लगे। पैंठ में सुनील पर हमला होते देख आसपास के तमाम लोग वहां आ गए और शोर मचाते हुए उनका पीछा करने लगे।

लोगों की भीड़ बाइक सवार हमलावरों के पीछे दौड़ी। लोगों ने एक हमलावर को थोड़ा आगे जाकर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। जबकि उसके दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए हमलावर का नाम अर्पित निवासी जेलचुंगी है। घायल के परिजनों की तरफ से थाना लालकुती में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर, पुलिस गिरफ्त में अर्पित से उसके दो अन्य साथियों की पूछताछ में जुटी है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्त में आया अर्पित और उसके साथियों ने शहर में लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस पूछताछ में जुटी है। उधर, पुलिस दो साथियों की दबिश में लगी है।
चकरोड की पैमाइश करने गई टीम पर हमला
सरधना: रविवार को मुल्हैड़ा गांव में एक शिकायत पर चकरोड की पैमाइश करने गई तहसील टीम पर आरोपियों ने भाले से जानलेवा हमला कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह टीम को बचाया और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपियों को पकड़ कर कोतवाली ले आई। पुलिस ने कानूनगो की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

दरअसल, बीते शनिवार को कोतवाली में लगे समाधान दिवस में चकरोड पर कब्जे की एक शिकायत आई थी। रविवार को तहसील टीम कानूनगो राकेश भारती के नेतृत्व में चकरोड की पैमाइश करने गई थी। टीम के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि टीम को देखकर आरोपियों ने गाली-गलौज कर दी। इतना ही नहीं टीम के पीछे भाला लेकर दौड़ पड़ा। जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।
मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह आरोपियों को कब्जे में किया। पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़ कर कोतवाली ले आई। कानूनगो ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी अनिल व उधम सिंह पुत्रगण जयवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

