- 15 सूत्रीय मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
- कर्मचारियों को शाम को बिजलीघर से निकाला कैंडल मार्च
जनवाणी संवाददाता |
शामली: विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा पूरे प्रदेश में विद्युत कर्मचारियों, अवर अभियंताओं पर की जा रही दंडात्मक कार्यवाही को लेकर आंदोलन चला रखा है। एक माह पूर्व 15 सूत्रीय मांगों को लेकर अपर मुख्य सचिव ऊर्जा को ज्ञापन भेजा गया था, जिस पर अभी तक कोई सार्थक कार्यवाही न करते हुए कर्मचारियों की मांगों को अनसुना कर दिया गया। मंगलवार को संघर्ष समिति की केन्द्रीय संघर्ष समिति के आहवान पर पूरे प्रदेश में कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विद्युत अधिकारियों व कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय संघर्ष समिति के दिशा निर्देश पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। संघर्ष समिति ने 15 सूत्रीय मांगे पूरी न होने पर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
इस अवसर पर एक्सईएन उदय प्रताप सिंह, विनोद कुमार, रवि प्रकाश, सहायक अभियंता रवि कुमार सिंह, किशोर त्यागी, अनुराग सक्सेना, जेई सुरेश यादव, अजय कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।

