शहीद मदनपाल के नाम से मार्ग करने मुख्यमंत्री का जताया आभार
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: क्षेत्र के गांव जसाला स्थित शहीद कैप्टन मदनपाल जूनियर हाईस्कूल में शहीद मदनपाल चौहान की पुण्यतिथि पर ग्रामीणों द्वारा हवन कर श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके शौर्य और बलिदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। हाइवे 709 बी से जासला लिंक रोड को शहीद कप्तान मदनपाल चौहान के नाम से किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ का आभार प्रकट किया।
शुक्रवार को गांव जसाला में स्थित शहीद कैप्टन मदनपाल जूनियर हाईस्कूल में शहीद मदनपाल चौहान की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर हवन का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आहुति दी। शहीद परिवार के द्वारा जूनियर हाई स्कूल के बच्चों को उपहार दिए गए और शहीद कप्तान मदन पाल के जीवन पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बताया कि 16 दिसंबर 1971 के दिन युद्ध में भारत की पाक पर जीत हासिल की थी।
16 दिसम्बबर को विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। 1971 के युद्ध में शामली जनपद के जांबाजों ने वीरता और शौर्य से पाकिस्तान के दांत खट्टे कर दिए थे। गांव जसाला निवासी कैप्टन मदनपाल चौहान ने दुश्मनों के 40 टैंकों को नष्ट कर दिया था। उनको मरणोपरांत वीर चक्र से नवाजा गया था। भारत ने पाकिस्तान के 93 हजार सैनिकों को बंदी बना लिया था। हाइवे 709 बी से जासला लिंक रोड को उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शहीद कप्तान मदनपाल चौहान के नाम से किए जाने पर समस्त ग्रामवासी व परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। कांधला महिमा पब्लिक स्कूल एवं शामली में ग्लोबल शांति केयर हॉस्पिटल पर भी शहीद मदनपाल चौहान को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान शिवकुमार चौहान, शहीद के भतीजे डॉक्टर जनेश्वर चौहान, मधुसूदन चौहान डायरेक्टर खादी ग्रामोद्योग, नेत्रपाल चौहान, राजकुमार चौहान, शहीद के पौत्र कुशांक चौहान, अक्षय चौहान, वैभव चौहान आदिउपस्थित रहे।

