- शामली जनपद के खिलाड़ियों को किया जाएगा प्रोत्साहित
- पुरुष को लक्ष्मण और महिला खिलाड़ी को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार
जनवाणी संवाददाता |
शामली: उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि पात्रता रखने वाले पुरुष एवं महिला राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी की उपलब्धि के विवरण के सापेक्ष खेल प्रमाण-पत्रों की प्रमाणित छाया प्रतियां संलग्न करते हुए आगामी 22 दिसंबर तक क्षेत्रीय खेल कार्यालय, सहारनपुर में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने पात्रता के बारे में बताया कि खिलाड़ी को उप्र का मूलनिवासी होना चाहिए।
साथ ही, खिलाड़ी कम से कम लगातार 03 बार वर्ष 2020-21 के लिए वर्ष 2018-19, 2019-20 व 2020-21 तथा वर्ष 2021-22 के लिए वर्ष 2019-20, 2020-21 व2021-22 प्रदेशीय सीनियर टीम का सदस्य रहा हो। और राष्ट्रीय खेल, राष्ट्रीय सीनियर चैंपियनशिप में भाग लिया हो। साथ ही, उस वर्ष में जिसके लिए पुरस्कृत किये जाने की सिफारिश की जाती है, उस वर्ष में उसके द्वारा पदक अर्जित किया गया हो। यदि कोई खिलाडी राष्ट्रीय सीनियर चैंपियनशिप में प्रतिभाग किया हो। ओलम्पिक गेम्स, विश्व चैंपियनशिप, विश्व कप 04 वर्ष के अंतराल में आयोजित होने पर, एशियन गेम्स, कामनवेल्थ गेम्स, एशियन चैंपियनशिप एवं कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप 04 वर्ष में 01 बार आयोजित होने वाली सैफ गेम्स में प्रतिभाग करता है, तो उसे भी पात्र माना जाएगा।
खिलाड़ी को अपने आवेदन के साथ शपथ-पत्र देना होगा कि वह कभी किसी प्रतियोगिता/, चैंपियनशिप व खेल आयोजन में मादक पदार्थों के सेवन में भागीदार नहीं रहा है। और नहीं इस प्रकरण में उसे दोषी पाया गया है। आवेदनकर्ता द्वारा न्यायालय द्वारा किसी वाद में दोषी नहीं पाए जाने और न ही वह यौन उत्पीड़न से संबंधित किसी आरोप में दोषी पाए जाने से संबंधित शपथ देना होगा।
उक्त पात्रता रखने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार द्वारा पुरुष खिलाड़ी को लक्ष्मण पुरस्कार एवं महिला खिलाड़ी को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार में सम्मानित किया जाएगा।

