जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: प्रदेश के गन्ना एवं चीनी आयुक्त संजय आर. भूसरेड्डी ने कोहरे एवं ठंड आदि से बचाव हेतु गन्ना किसानों को मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराने के लिये प्रदेश की सभी चीनी मिलों के आध्यासियों को मंगलवार को आदेश जारी किये हैं। इनमें चीनी मिल गेट एवं वाहय गन्ना क्रय केन्द्रों पर गन्ना लाने वाले किसानों के लिए अलाव पेयजल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये निर्देशित किया गया है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी ने बताया कि पेराई सत्र 2022-23 गतिमान है और गन्ना किसानों के द्वारा चीनी मिल गेटों एवं वाह्य गन्ना क्रय केन्द्रों पर दिन व रात में अनवरत गन्ना आपूर्ति की जा रही है। ठंड गहरी हो जाने को कारण प्रायः दिसम्बर से फरवरी के मध्य शीतलहर से किसानों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है, इसलिये चीनी मिलों के गेटों एवं वाहय क्रय केन्द्रों पर गन्ने की तौल के दौरान अलाव की व्यवस्था की आवश्यकता को देखते हुए आयुक्त द्वारा गन्ना किसानों को ठंड से राहत प्रदान करने के लिए दिशा निर्देश जारी किये हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि चीनी मिल गेट एवं यार्डों पर अलाव की व्यवस्था होने से भीषण ठंड में किसानों को ठिठुरना नहीं पड़ेगा तथा रात के समय चीनी मिल गेट पर अलाव, चाय, विश्रामग्रह व यार्ड में उचित व्यवस्था आदि होने से गन्ना किसानों को इस ठंड से राहत मिल सकेगी। इसके अतिरिक्त परिक्षेत्रीय अधिकारियों को यह भी निर्देश दिये गये है कि किसानों से चीनी मिल यार्ड में मुलाकात कर उन्हें विभागीय कार्यों की जानकारी देते हुए उनसे फीडबैक भी प्राप्त करें, जिससे गन्ना किसानों को यदि कोई व्यवहारिक समस्या आ रही हो तो उसका तत्परता से निस्तारण कराया जा सके।
निर्देशित किया गया है कि परिक्षेत्रीय अधिकारी पेराई सत्र के दौरान समय-समय पर इस व्यवस्था का अनुश्रवण भी सुनिश्चित करेंगे। डीसीओ ने बताया कि आयुक्त के आदेशानुसार जनपद में चीनी मिल गेटों पर अलाव के साथ ही चाय आदि की व्यवस्था का बंदोबस्त शुरू करा दिया गया है। कुछ मिलों ने पूर्व से ही अलाव की व्यवस्था प्रारम्भ करा दी है।

