- रणजी ट्राफी: दोनों टीमों ने एक साथ अलग-अलग किया नैट्स अभ्यास
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मंगलवार से भामाशाह पार्क में शुरू होने जा रहे रणजी मैच से पहले दोनों टीमों ने मैदान पर जमकर पसीना बहाया। रविवार को खिली धूप को देखकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों में उत्साह नजर आया। भामाशाह पार्क क्रिकेट मैदान पर उड़ीसा व यूपी की रणजी टीमों के खिलाड़ियों ने दोपहर के समय अभ्यास किया। सर्दी के मौसम में खिली धूप ने खिलाड़ियों को अभ्यास करने में मदद की। हालांकि दोनों टीमों ने एक साथ अलग-अलग नैट्स पर अभ्यास किया लेकिन उनका समय एक ही रहा।

अभ्यास करने उतरने वाली उड़ीसा की टीम में कप्तान सुभ्रांश सेनापति, अनुराग सारंगी, स्वास्तिक समल, तरानी सा, अभिषेक राउत, बिपलब समत्रेय, देबाब्राता प्रधान, गोविंदा पोड्डर, कार्तिक बिस्वास, राकेश पटनायक, सौरभ कन्नौजिया, अंशुमन, राजेश धुपर, सुजीत लेंका, बसंत मोहंती, जयंता बेहरा, प्रयाश सिंह, शांतनु मिश्रा, शुभम नायक, सुनील राउत व सूर्यकांत प्रधान शामिल रहे। जबकि यूपी की टीम के कप्तान करन शर्मा, अक्षदीपनाथ, बिहारी राय, कार्तिकेय जायसवाल, माधव कौशिक, प्रियम गर्ग, रिंकु सिंह, समीर चौधरी, आनजनेया सूर्यवंशी, कुणाल यादव, प्रिंस यादव, सौरभ कुमार, विकेट कीपर आरध्या यादव, आर्यन जुयाल, ध्रुव जुयाल, आकिब खान, अंकित राजपूत, जसमेर धनकड़, शिवा सिंह, शिवम मावी, शिवम शर्मा व अंकित चौधरी मौजूद रहे।
दोनों टीमों ने मौसम के अनुसार बनाई रणनीति
हालांकि रविवार को धूप खिली थी लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों में फिर से कोहरा होने व बरसात होने की संभावना जताई है। ऐसे में पहले दिन यानी मंगलवार को कैसा मौसम रहता है इसको देखकर ही अंतिम रणनीति बनाई जाएगी। टॉस जीतने वाले कप्तान के सामने मौसम का मिजाज अहम भूमिका निभाएगा।

यदि बरसात रहती है तो संभवत: टॉस जीतने वाली टीम के कप्तान नमी का फायदा उठाने के लिए पहले गेंदबाजी करने का निर्णय ले। लेकिन यदि धूप खिलती है तो पहले बल्लेबाजी भी की जा सकती है क्योंकि हवा में नमी केवल सुबह एक घंटे तक ही रहने का अनुमान है। इसके बाद पिच बल्लेबाजों को मदद कर सकती है।

