जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: अखिलेश यादव के निर्देश पर तैलिक समाज को समाजवादी पार्टी से जोड़ने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता एवं सीतापुर सदर से पूर्व विधायक राकेश राठौर ने रविवार को सीतापुर के उत्सव बैंकेट हाल में कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में डॉ. राजपाल कश्यप प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ मुख्यवक्ता के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर तैलिक समाज के लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. राजपाल कश्यप ने कहा कि हम सबको देश में सामाजिक न्याय आरक्षण के रूप में मिला है।
भाजपा सरकार आरक्षण खत्म करती जा रही है। यूनिवर्सिटी, कॉलेजों की नौकरियों में आरक्षण समाप्त कर सरकारी संस्थानों को बेचा जा रहा है। नगर निकाय के चुनाव में भाजपा ने आरक्षण व्यवस्था को चोटिल करने का काम किया। समाजवादी पार्टी समाज पिछड़े, दलित, वंचितों, शोषितों के उत्थान के लिए जातीय जनगणना की मांग करती है। भाजपा डरती है इसलिए जातीय जनगणना नही करा रही है।
डॉ. कश्यप ने कहा कि नेताजी ने पालिका परिषदों में पिछड़ों को आरक्षण देने कार्य किया। मंडल कमीशन की सिफारिशों को लागू कराने का काम किया। समाजवादी पार्टी के नेता कार्यकर्ता सजग न होते तो भाजपा निकाय चुनाव के आरक्षण में भी घोटाला करा देती, जिसका नुकसान पिछड़े, शोषित, वंचित वर्ग को होता। तैलिक समाज को हमेशा समाजवादी पार्टी ने सम्मान दिया है। इस समाज का समर्थन पूर्ण रूप से समाजवादी पार्टी को मिलता रहा है।
डॉ. राजपाल कश्यप ने कहा कि इस बार जनता भाजपा का सफाया कर देगी। निकाय चुनाव से लोकसभा चुनाव तक जनता समाजवादी पार्टी को भारी मतों से जिताएगी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से निर्वतमान जिलाध्यक्ष सीतापुर छत्रपाल यादव, आनंद भदौरिया आदि उपस्थित रहे।