- आगमन की तैयारी में जुटे अफसर, कैंट की माल रोड को सजाया और संवारा जा रहा
- जिमखाना मैदान में होगी सीएम योगी की जनसभा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 10 मई मेरठ संभावित दौरे से पूरा प्रशासन अलर्ट हो गया हैं। प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए कैंट की माल रोड को सजाया और संवारा जा रहा है। माल रोड पर रखे टैंक की भी डेंटिंग-पेंटिंग की जा रही है। टैंक चौराहा इसे कहते हैं, जहां पर व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चल रहा हैं। यही नहीं, माल रोड पर जो पेड़ हैं, उन पर भी पेंट किया जा रहा है।
कंपनीबाग चौराहे पर जो सेना के जवान की पुरानी मूर्ति लगी हुई थी, उसे हटा कर नई मूर्ति वहां पर स्थापित कर दी गई है। अब मूर्ति को पॉलीथिन से बाहर नहीं निकाला गया हैं। लंबे समय से खराब पड़ा फव्वारा भी यहां अब चालू कर दिया गया है। प्रतिदिन फव्वारे को चलाकर टेस्ट किया जा रहा है। इसी तरह से पूरी माल रोड को सजाया और संवारा जा रहा है।
यही नहीं, ब्रिगेडियर आॅफिस पर जाने वाली रोड जिसको सरधना रोड भी कहते हैं, उस पर भी फुटपाथ और पेड़ पौधे लगाकर उसका सौंदर्यकरण किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री उस रास्ते से भी जा सकते हैं। सुरक्षा के मानकों को भी ध्यान में रखते हुए तीन दिन माल रोड का कुछ हिस्सा बंद रहेगा।
ऐसा कहा जा रहा हैं, वैसे इसकी अधिकृत जानकारी कैंट बोर्ड ने जारी नहीं की हैं। उस दौरान माल रोड पर वाहनों का या किसी का भी तरह का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इसकी पूरी व्यवस्था सेना ने संभाल रखी है। हालांकि इसकी अधिकृत रूप से कोई सूचना कैंट बोर्ड या सेना की तरफ से जारी नहीं की गई है। प्रधानमंत्री का कोई सरकारी कार्यक्रम भी नहीं आया है,

लेकिन सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री का आगमन 10 मई को हो सकता है। उनके संभावित दौरे को लेकर तैयारियां चल रही हैं। शहीद स्मारक पर भी प्रधानमंत्री जाएंगे। ऐसा कहा जा रहा है। इसके अलावा कैंट आर्मी क्षेत्र में एक हॉस्पिटल की नींव भी प्रधानमंत्री रखेंगे। प्रधानमंत्री का सैन्य क्षेत्र में हॉस्पिटल की नींव रखना ही मुख्य कार्यक्रम बताया जा रहा हैं।
पीएम के दौरे को लेकर एसपीजी का दौरा
10 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर उच्च स्तर पर तैयारियां शुरु हो गई है। सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गए हैं। एक ओर जहां ट्रैफिक व्यवस्था को चाक चौबंद किया जा रहा है। वहीं एसपीजी ने सैन्य क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंध का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि बुधवार को एसपीजी ने दौरा कर प्रशासनिक अधिकारियों से विचार विमर्श किया।
क्रांति दिवस के मौके पर सेना के द्वारा आयोजित किये जा रहे कार्यक्रम में प्रधामंत्री नरेन्द्र मोदी का दौरा प्रस्तावित है। इसको लेकर सैन्य क्षेत्र में तैयारिंया जोरों पर चल रही है। पुलिस और प्रशासन के साथ सेना के अधिकारी भी तैयारियों को अंतिम रुप देने में लगे हुए हैं।
सूत्रों ने बताया कि बुधवार को सैन्य क्षेत्र में एसपीजी समेत तमाम अधिकारियों की गाड़ियां दिन भर सड़कों पर दौड़ती रही। वहीं प्रशासन के अधिकारी भी तैयारियों में लगे हुए हैं। एसपीजी के दौरे को देखकर माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री का दौरा होगा। हालांकि अभी किसी भी अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है।
मुख्यमंत्री योगी पांच को आएंगे मेरठ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांच मई को मेरठ आएंगे। उनके आगमन का सरकारी कार्यक्रम भी आ गया हैं। यहां भाजपा के मेयर प्रत्याशी हरिकांत अहलूवालिया के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनकी जनसभा जिमखाना मैदान में होगी, जिसकी तैयारियों के लिए पंडाल लगाया जा रहा है।

मंच भी बन रहा है। रैली स्थल का दौरा करने के लिए बुधवार को भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल समेत तमाम भाजपा नेता जिमखाना मैदान में पहुंचे और चल रहे कार्यों की समीक्षा की। शहर की जनता कितनी आएगी तथा कितने लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी? उसको लेकर चर्चा की गई। नगर निकाय के दूसरे चरण के चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने जनसभाएं शुरू कर दी है।

उसी सिलसिले में पांच मई को क्रांतिधरा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं। मुख्यमंत्री जनता से सीधे संवाद करेंगे तथा यूपी में बेहतर कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार मुक्त सरकारी आॅफिसर और अन्य तमाम मुद्दों को लेकर जनता से संवाद कर वोट मांगेंगे तथा जनता से इन्हीं मुद्दों को लेकर वोट भी मांगेंगे।

भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि जिमखाना मैदान में जनता के बैठने की पूरी तरह से व्यवस्था की गई है, जो पंडाल लगाया जा रहा है, उसकी पूरी क्षमता हैं तथा वो वाटरप्रूफ है। बारिश भी यदि आ जाती है तो किसी तरह की दिक्कत जनता को नहीं होगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री दोपहर एक बजे पहुंचेंगे तथा रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा के तमाम दिग्गज नेता मुख्यमंत्री की रैली में भीड़ जुटाने के लिए भी जुट गए हैं।
अखिलेश-जयंत सात को मेरठ में
पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सात मई को मेरठ पहुंचेंगे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मेयर पद की प्रत्याशी सीमा प्रधान के पक्ष में यहां एक रैली को संबोधित करेंगे। लिसाड़ी रोड स्थित फतेहल्लापुर पुलिस चौकी के सामने एक मैदान में अखिलेश यादव की जनसभा होगी,

जिसकी तैयारी के लिए समाजवादी पार्टी नेता जुट गए हैं। प्रशासन को भी यहां पर जनसभा करने के लिए अनुमति मांगी गई हैं। अखिलेश यादव का हेलीकाप्टर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में उतरा जाएगा। इसकी भी अनुमति मांगी गई हैं। हालांकि यूनिवर्सिटी प्रशासन की तरफ से अभी इसकी अनुमति नहीं दी हैं,

जिसके बाद हापुड़ रोड बिजली बंबा बाइपास पर हेलीकाप्टर को उतारने के लिए हेलीपेड बनाया जा रहा हैं। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी भीम आर्मी चीफ चन्द्रशेखर भी इस जनसभा में पहुंचेंगे। इसके अलावा अखिलेश यादव और जयंत चौधरी का हापुड़ रोड और कांच का पुल होते हुए एक रोड शो भी किया जाएगा। इसकी भी अनुमति मांगी गई है।

