जनवाणी संवाददाता |
शामली: देश में एमएसपी को कानूनी दायरे में लाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर जमे हजारों किसानों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन ने जिलाध्यक्ष कालेन्द्र मलिक तथा थांबेदार बाबा श्याम सिंह के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर ट्रैक्टरों के साथ मार्च निकालते हुए धरना दिया।

बुधवार की दोपहर में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता ट्रैक्टरों से कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। उन्होंने एसपी को कानूनी दायरे में लाने समेत 2 साल पहले दिल्ली आंदोलन में शहीद हुए किसानों के परिवारों को आर्थिक सहायता तथा प्रत्येक मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी दिए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया।
इस दौरान धरने की अध्यक्षता गठवाला खाप के खमबेदार बाबा श्याम सिंह ने की। धरने को संबोधित करते हुए किसानों ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान भाकियू महिला विंग की जिला अध्यक्ष कविता चौधरी, योगेंद्र पवार समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

