जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी से कुछ राज्यों में राहत है। तो वहीं, उत्तर भारत में अभी पांच दिन और अंधड़ व गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। बताया जा रहा है कि, राजस्थान में अंधड़ से उखड़े पेड़ की चपेट में आकर मां-बेटी की मौत हो गई। वहीं, महाराष्ट्र में वर्षाजनित हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई है। संपत्ति का भी भारी नुकसान हुआ है।
इसके अलावा मध्य प्रदेश के दस जिलों में भी आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। साथ ही राजधानी दिल्ली के कुछ इलाकों में शुक्रवार को हल्की बारिश हुई। जिससे वहां का मौसम हल्का ठीक है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पूर्वी भारत, उत्तर प्रदेश व पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश में पांच दिन लू की संभावना है। उत्तर पश्चिम भारत में आज यानि शनिवार और रविवार को तेज गरज के साथ बारिश हो सकती है। आंधी-तूफान भी आ सकता है। हालांकि, बीते 24 घंटे के दौरान इन राज्यों में तापमान में कुछ गिरावट आई, लेकिन पारा 42-44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।
उत्तर प्रदेश के उरई में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश व राजस्थान के ऊपरी वायुमंडल में चक्रवात बना हुआ है, जिससे अरब सागर से नमी लिए हवाएं बह रही हैं। इसके असर से 10 जिलों में बारिश व अंधड़ की संभावना है। वहीं, केरल के तीन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और पांच अन्य जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

