- भारतीय किसान संगठन के अध्यक्ष ठा. पूरण सिंह का आह्वान
जनवाणी संवाददाता
शामली: भारतीय किसान संगठन के अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने किसानों के दिल्ली में चल रहे आंदोलन में बढ़चढ़कर हिस्सा लेने का आहवान किया। उन्होंने भाजपा की केंद्र सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए नए कृषि कानून को वापस लिए जाने की मांग की।
रविवार को शामली शहर के मोहल्ला रेलपार में अमित निर्वाल के आवास पर भारतीय किसान संगठन की बैठक का आयोजन किया गया। संगठन के अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि आज किसान परेशान हाल है। किसानों की कोई सुनने वाला है।
केन्द्र की भाजपा सरकार ने किसान विरोधी कानून पास कर किसानों को बर्बाद करने का काम किया है। जिसके विरोध में किसान कड़ाके की ठंड में भी दिल्ली में आंदोलन कर रहे है। लेकिन केंद्र सरकार किसानों की बात सुनने के लिए तैयार नहीं है। किसान कृषि कानून को वापस करने की मांग कर रहे है, लेकिन केन्द्र सरकार अपनी हठधर्मिता दिखा रही है। उन्होंने किसानों से इस किसान आंदोलन में बढ़चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
इस मौके पर अजेश शर्मा, जगमेर सिंह, ललित राणा, सरदार गुरमुख सिंह, रमेश रवल, दीपक सोम, देवराज आदि मौजूद रहे।

