जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रहे एक कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार चार मासूम बच्चों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
पांच लोगों की मौत
दरअसल, हादसा हाफिजपुर क्षेत्र के पड़ाव के पास रात को हुआ। बाइक पर सवार सभी लोग एक ही परिवार या जान-पहचान के थे। मृतकों में बाइक चला रहे दानिश (36), उनकी दो बेटियां माहिरा (6) और समायरा (5), भाई सरताज का बेटा समर (8) और दोस्त वकील का बेटा माहिम (8) शामिल हैं। सभी रफीकनगर, हापुड़ के रहने वाले थे।
कैंटर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, दानिश बच्चों को लेकर गुलावठी के मिठ्ठेपुर गांव गए थे, जहां उन्होंने एक बाग में बने स्विमिंग पूल में स्नान किया। वापस लौटते समय रास्ते में यह हादसा हो गया। हाफिजपुर में पड़ाव के पास अचानक सामने से तेज रफ्तार में गलत दिशा में आ रहा कैंटर उनकी बाइक से टकरा गया।
बाइक के परखच्चे उड़ गए
हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सभी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे के बाद फरार हुए कैंटर चालक की तलाश शुरू कर दी है, जबकि कैंटर को जब्त कर लिया गया है।
क्या बोलीं सीओं अनीता?
सीओ अनीता सिंह ने बताया कि सभी मृतकों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं और जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।

