जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: रविवार सुबह माँ शाकुम्बरी देवी के दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की कार बेहट क्षेत्र में भीषण हादसे का शिकार हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार चार लोग घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपक गोयल, निवासी जनपद गाजियाबाद, अपने परिवार के साथ माँ शाकुम्बरी देवी के दर्शन के लिए कार से निकले थे। जैसे ही उनकी कार थाना बेहट क्षेत्रान्तर्गत जसमौर से आगे पहुंची, अचानक एक व्यक्ति उनकी कार से टकरा गया। टक्कर के बाद कार असंतुलित होकर पेड़ से जा भिड़ी।
हादसे में राहगीर की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दीपक गोयल समेत कार में सवार सभी चार लोग घायल हो गए। थाना बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक का पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बेहट मनीष चंद ने बताया कि गाजियाबाद निवासी दीपक गोयल अपने परिवार के साथ शाकुम्बरी देवी दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी जसमौर से आगे उनकी कार एक व्यक्ति से टकरा गई और फिर पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में उस व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा कार सवार चार लोग घायल हो गए हैं। पुलिस द्वारा सभी को अस्पताल भिजवाकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

