नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले में जांच अभी जारी है, और इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को अहम सुराग मिले हैं। क्राइम ब्रांच ने खुलासा करते हुए बताया कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए शूटर्स को भारी रकम दी गई थी, और फंडिंग नेपाल से एटीएम के जरिए की गई थी। पुलिस अब इस फंडिंग के पीछे की सच्चाई का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।
अब तक की जांच में क्या सामने आया?
मुंबई क्राइम ब्रांच की प्राथमिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि फायरिंग करने वाले शूटर्स को नेपाल से पैसे दिए गए थे। यह रकम सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी, जिसमें एटीएम के माध्यम से नकद लेन-देन किया गया था। आरोपियों के खातों में यह रकम एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा डाली गई थी। पुलिस अब इन खातों की पूरी जानकारी खंगाल रही है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, इस लेन-देन का नेपाल से कनेक्शन होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा, जांच में यह भी पता चला कि आगरा से पकड़े गए आरोपियों को नियमित रूप से फंडिंग मिलती थी।
पुलिस ने बैंकों से मांगी जानकारी
क्राइम ब्रांच ने इस मामले में जांच तेज करते हुए संबंधित बैंकों से आरोपियों के खातों का विवरण, ट्रांजैक्शन हिस्ट्री, और पैसे जमा करने वाले व्यक्तियों की जानकारी मांगी है। पुलिस का शक है कि इस मामले में बाहरी आतंकी संगठन भी शामिल हो सकते हैं।
12 आरोपी गिरफ्तार
बता दें कि रोहित शेट्टी के जुहू स्थित बंगले पर कुछ हमलावरों ने गोलीबारी की थी, हालांकि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ। इस मामले में पुलिस ने अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से हैं।

