जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: शहर में शिया समुदाय की ओर से ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामनेई के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट निकाला गया। यह जुलूस शिया मस्जिद से शुरू होकर चौकी सराय होते हुए कोतवाली नगर क्षेत्र तक पहुंचा। पूरे कार्यक्रम के दौरान समुदाय ने एकजुटता और शांति का संदेश दिया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने काली पट्टियां बांधकर और हाथों में तख्तियां लेकर इज़राइल के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। वक्ताओं ने कहा कि यह प्रोटेस्ट किसी प्रकार की अव्यवस्था के लिए नहीं, बल्कि शोक और संवेदना प्रकट करने के लिए आयोजित किया गया था।
पुलिस की मुस्तैदी से व्यवस्था बनी रही कायम
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन और सहारनपुर पुलिस पहले से सतर्क रही। कोतवाली नगर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों की मौजूदगी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। पुलिस की सूझबूझ और सक्रियता से पूरे प्रकरण को शांतिपूर्वक संभाल लिया गया।
एकता और शांति का संदेश
समुदाय के जिम्मेदार लोगों ने कहा कि उनका उद्देश्य अमन-चैन और भाईचारे को बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहारनपुर गंगा-जमुनी तहज़ीब का शहर है और यहां हर समुदाय ने हमेशा आपसी सौहार्द की मिसाल कायम की है।
प्रशासन ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शहर की शांति व सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।

