जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: पंडित श्रीराम आचार्य उपवन गायत्री शक्ति पीठ में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शांति कुंज के जोनल प्रभारी डीपी सिंह व व्यवस्थापक डा. दीपक कुमार ने पौधारोपण करते हुए कहा कि पूर्वजों की स्मृति में पौधारोपण करें इससे पर्यावरण संतुलन में लाभ मिलेगा वहीं बुजुर्गों की ख्याति में भी वृद्धि होगी। इस मौके पर शांति कुंज में पौधारोपण कार्यक्रम किया गया।
बुधवार को जोनल प्रमुख डीपी सिंह ने कहा कि अब श्राद्ध पक्ष में अपने पूर्वजों की स्मृति में अधिक से अधिक पौधारोपण करें और उनको पोषित करें। अपने श्रेष्ठ कार्यो के माध्यम से पूर्वजों की ख्याति को बढ़ाए इसके लिए पौधारोपण करना महत्वपूर्ण कार्य है।
पौधे जो आने वाले समय में वृक्ष बनते हैं वे ही हमारे सच्चे मित्र होते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने गीता में कहा है कि वृक्षों में मैं पीपल हूं। इस मौके पर परिव्राजक दिनेश चौबे, डा.दीपक आदि ने भी भाग लिया।
व्यवस्थापक डा. दीपक ने बताया कि गायत्री शक्ति पीठ साधना, स्वाध्याय संयम,सेवा की भावना के साथ व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण व समाज निर्माण कार्यक्रम चला रहा है। जिसका लक्ष्य स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन व सभ्य समाज की स्थापना करना है। वहीं पौधारोपण कार्यक्रम को भी विशेष महत्व दे रहा है।

