जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मंगलवार को नई दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान धरने पर बैठ गए। उनके साथ कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत इंडिया ब्लॉक के कई अन्य सांसद भी मौजूद रहे। विपक्षी सांसद चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे।
नीति आयोग कार्यालय के पास धरने पर बैठे राहुल गांधी
चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर बढ़ रहे विपक्षी सांसदों को पुलिस की बैरिकेडिंग का सामना करना पड़ा। रास्ता रोके जाने के बाद राहुल गांधी समेत कई सांसद नीति आयोग कार्यालय के पास धरने पर बैठ गए। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
बैरिकेड पर चढ़े सपा सांसद, पुलिस से हुई नोकझोंक
विरोध मार्च के दौरान समाजवादी पार्टी के कुछ सांसदों ने दिल्ली पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड को पार करने की कोशिश की। इस दौरान कुछ सांसद बैरिकेड पर चढ़ते भी नजर आए। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच रास्ता खोलने को लेकर नोकझोंक की स्थिति बनी रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर विजय चौक और आसपास के इलाकों में कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई थी।
इंडिया ब्लॉक ने की मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी तीखे सवाल उठाए। टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने उनके इस्तीफे की मांग करते हुए चुनावों में कथित ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी कथित चुनावी अनियमितताओं का दावा किया।
एसआईआर रद्द करने की मांग
कांग्रेस सांसद डॉ. सैयद नासिर हुसैन ने चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल रद्द करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से हटाए गए सभी वोटों को दोबारा शामिल किया जाना चाहिए। साथ ही, कथित अनियमितताओं के पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी की गई।
संसद मार्ग पर पुलिस ने रोका मार्च
नई दिल्ली के संसद मार्ग पर इंडिया ब्लॉक के विरोध मार्च को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा बैरिकेड पर बैठ गईं, जबकि राहुल गांधी बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध जताते नजर आए। विपक्षी सांसदों ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता सूची और एसआईआर से जुड़े अपने सवालों को लेकर प्रदर्शन जारी रखा।

