जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय टीम के तीनों प्रारूपों से बाहर चल रहे सूर्यकुमार यादव को अब मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम में भी जगह नहीं मिली है। मुंबई 11 अक्टूबर से चंडीगढ़ के खिलाफ अपने रणजी अभियान की शुरुआत करेगी। सूर्यकुमार ने चयन के लिए खुद को उपलब्ध कराया था और मुंबई चयन समिति को अपनी उपलब्धता की जानकारी भी दी थी, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें 16 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, चयनकर्ता सूर्यकुमार की रेड बॉल क्रिकेट की फॉर्म को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं। उन्होंने पिछले करीब 18 महीनों से कोई प्रथम श्रेणी मुकाबला नहीं खेला है।
रमेश पवार ने बताई सूर्यकुमार को बाहर रखने की वजह
मुंबई के मुख्य चयनकर्ता रमेश पवार ने सूर्यकुमार यादव को टीम में जगह नहीं मिलने की वजह बताई। उन्होंने कहा कि सूर्यकुमार बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं और मुंबई के लिए उनका रिकॉर्ड भी शानदार रहा है, लेकिन चयनकर्ता चाहते हैं कि वह पहले कुछ रेड बॉल मैच खेलकर अपनी लय हासिल करें।
पवार के मुताबिक, सूर्यकुमार ने लंबे समय से लाल गेंद का मैच नहीं खेला है। ऐसे में उन्हें कुछ मैच खेलने के बाद टीम में जगह बनाने का मौका मिल सकता है।
19 साल के आयुष म्हात्रे को उपकप्तानी
मुंबई ने रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले के लिए 16 सदस्यीय टीम चुनी है। युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे को उपकप्तान बनाया गया है। 19 वर्षीय म्हात्रे को चयनकर्ता भविष्य के कप्तान के तौर पर तैयार करना चाहते हैं।
म्हात्रे ने भारत को अंडर-19 विश्व कप खिताब दिलाने वाली टीम की अगुआई की थी। हालांकि, प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका अनुभव अभी सीमित है। उन्होंने दो साल में 13 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले हैं। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने अनुभवी सरफराज खान की जगह म्हात्रे को नेतृत्व की जिम्मेदारी में आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
यशस्वी जायसवाल की टीम में वापसी
भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि की है। उन्हें मुंबई की 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ नवंबर में होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले रणजी मुकाबला जायसवाल के लिए अहम मैच अभ्यास साबित हो सकता है। रेड बॉल क्रिकेट में वापसी उनके लिए टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगी।
चोट के कारण शार्दुल ठाकुर शुरुआती मैचों से बाहर
मुंबई के प्रमुख ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर चोट के कारण शुरुआती दो मुकाबलों से बाहर रह सकते हैं। ट्रेनिंग के दौरान उनकी अंगुली में फ्रैक्चर हुआ है।
वहीं, आयुष म्हात्रे और कप्तान सिद्धेश लाड ने हाल ही में बीकेसी इंडोर सुविधा में फिटनेस टेस्ट पास किया है। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मैच फिटनेस साबित करने के लिए कांगा लीग में भी हिस्सा लिया था।
दिव्यांश सक्सेना की भी वापसी
मुंबई की टीम में दिव्यांश सक्सेना की भी वापसी हुई है। प्री-सीजन में उनके प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल किया है।
मुंबई रणजी ट्रॉफी इतिहास की 42 बार की चैंपियन है। इस बार टीम को एलीट ग्रुप डी में राजस्थान, तमिलनाडु, रेलवे, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के साथ रखा गया है।
मुंबई की 16 सदस्यीय टीम
सिद्धेश लाड (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, आयुष म्हात्रे (उपकप्तान), दिव्यांश सक्सेना, मुशीर खान, सरफराज खान, सुवेद पारकर, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, अथर्व अंकोलेकर, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डी’सूजा और ओंकार तर्मले।

