- 11 सूत्रीय मांगों को लेकर डीआईओएस को सौंपा ज्ञापन
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: प्रांतीय संगठन के आह्वान पर उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) ने जिला विद्यालय कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षक की समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा गया।
शनिवार को माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विनेश त्यागी के नेतृत्व में शिक्षकों के संगठन ने माध्यमिक शिक्षा संघ शर्मा गुट के बैनर तले जिला विद्यालय निरीक्षक पर धरना दिया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यक से शिक्षकों की समस्याओं से संबंधित 11 सूत्रीय ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा गया।
ज्ञापन में शिक्षकों की पुरानी पेंशन को बहाल किए जाने तथा वित्तविहीन विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों को भी समान कार्य समान वेतन के सिद्धांत पर वेतन एवं सेवाओं को लागू किया जाने की मांग की गई। साथ ही, महंगाई भत्ते में की गई कटौती को वापस लेकर पूर्ववत बनाए रखने तथा कंप्यूटर व्यावसायिक शिक्षकों के लिए समान कार्य समान वेतन के सिद्धांत पर वेतन एवं समानता के आधार पर सेवा शर्तों को लागू किए जाने और सहायिक विद्यालय में मान्यता की धारा 7(क) के अंतर्गत नियुक्त शिक्षकों को उच्चतम न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार समान कार्य के लिए समान वेतन देने की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई।
इसके अलावा विनियमितीकरण से वंचित तदर्थ शिक्षकों को नियमित किए जाने तथा चयन बोर्ड अधिनियम की धारा 21 यथावत लागू रखने और शिक्षकों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा अनुमन्य करने की मांग उठाई है। सााि ही, महिला शिक्षकों को अनुमन्य अवकाश की सुविधा को अनिवार्य रूप से लागू कराने की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने तथा स्थानांतरण नीति में आवश्यक संशोधन कर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई जिससे शिक्षक अपनी सुविधानुसार स्थानांतरण पा सके। वर्ष 2014 में बंद की गई सामूहिक बीमा को पुन: लागू किए जाने की भी मांग की गई।
इस अवसर पर प्रमेंद्र कुमार, आरपी शुक्ला, रामकिशन, सुनील कुमार शर्मा, शमशेर अली, अशोक कुमार, संतराज, रविंद्र कुमार, विजय कुमार पांडे, नरेंद्र कश्यप, रविंद्र कुमार, चंद्रभूषण सोनी, संदीप कुमार, जयप्रकाश, रामदास, विकास कुमार, रविंद्र कुमार, नरेश पाल तोमर, रमाकांत, प्रवीण कुमार सिंह, इंद्रभान, अनुराग प्रकाश यादव, दीपक कुमार, प्रमोद कुमार आदि उपस्थित थे।

