जनवाणी संवाददाता |
बागपत: अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भाजपा नेताओं ने मंगलवार को बागपत शहर में कई स्थानों पर धन संग्रह अभियान चलाया। साथ ही लोगों को इसके प्रति जागरूक किया। वहीं चांदीनगर क्षेत्र के लहचौडा गांव में भी युवाओं ने धन संग्रह किया।
मंगलवार को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कुलदीप भारद्वाज ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए संग्रह अभियान चलाया। वह शहर के कई मोहल्ले में पहुंचे और घर-घर जाकर मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इस अभियान से घर घर जाकर सभी को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि प्रभु श्रीराम में सभी की आस्था जुड़े और एक भव्य मंदिर का निर्माण हर व्यक्ति की सहभागिता से हो। मंदिर निर्माण के लिए सभी लोगों से धन संग्रह किया जाएगा। इस मौके पर नगेश शर्मा एडवोकेट, पप्पू चौहान, अनिल धीमान, प्रकाश मलिक, शिशपाल, रोहित, पंकज आदि मौजूद रहे।
वहीं लहचौडा गांव में समाजसेवी युवा अभिजीत शर्मा के नेतृत्व में युवाओं ने घर-घर जाकर लोगों से प्रभु श्री राम मंदिर के निर्माण के लिए सहयोग की अपील की। जहां गांव के लोगों ने बढ़ चढ़कर धनराशि दी वह सहयोग किया। इस मौके पर अभिजीत शर्मा, आशू, सौरभ, विशाल, अर्जुन, धनकेश, दीपांशु आदि युवाओं ने भाग लिया।

